BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने वैवाहिक विवाद से जुड़े एक अहम मामले में फैसला सुनाते हुए कहा है कि पति की आपत्ति के बावजूद पत्नी का किसी दूसरे पुरुष से लगातार संपर्क बनाए रखना और उससे मिलना वैवाहिक जीवन में मानसिक क्रूरता माना जा सकता है। इसके लिए हर मामले में शारीरिक संबंधों का प्रत्यक्ष प्रमाण होना जरूरी नहीं है।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि दूसरे पुरुष से लगातार फोन पर बातचीत करना, पति की गैरमौजूदगी में उसे घर बुलाना और उसके साथ बाहर जाना जैसी गतिविधियां भी वैवाहिक संबंधों पर असर डाल सकती हैं। इन परिस्थितियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच ने इस मामले में फैमिली कोर्ट के फैसले को पलटते हुए पति की तलाक की अपील स्वीकार कर ली। कोर्ट ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) के तहत क्रूरता के आधार पर विवाह विच्छेद की डिक्री जारी की।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी एक दंपती से जुड़ा है। दोनों की शादी वर्ष 1994 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं। पति ने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी के किसी अन्य पुरुष से करीबी संबंध हैं। पति के मना करने के बावजूद पत्नी उस व्यक्ति से लगातार बातचीत करती थी और उससे मिलती भी थी। पति का कहना था कि पत्नी की इन गतिविधियों के कारण उनके वैवाहिक जीवन में तनाव बढ़ गया और रिश्ते पर गंभीर असर पड़ा। इन्हीं आरोपों को आधार बनाकर पति ने फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की थी। हालांकि, 23 नवंबर 2019 को फैमिली कोर्ट ने पर्याप्त साक्ष्य नहीं होने का हवाला देते हुए उसकी याचिका खारिज कर दी थी।
बेटे और बेटी की गवाही को कोर्ट ने माना अहम
फैमिली कोर्ट के फैसले से असंतुष्ट पति ने हाईकोर्ट में अपील दायर की। सुनवाई के दौरान डिवीजन बेंच ने पति के अलावा बेटे और बेटी के बयानों तथा अन्य साक्ष्यों की भी जांच की। गवाही में बच्चों ने बताया कि परिवार के अन्य सदस्यों की गैरमौजूदगी में एक व्यक्ति घर आता था और महिला से मुलाकात करता था। हाईकोर्ट ने इन बयानों को महत्वपूर्ण माना। कोर्ट ने पाया कि फैमिली कोर्ट ने मामले से जुड़े कई अहम तथ्यों और परिस्थितियों पर उचित तरीके से विचार नहीं किया था। इसके बाद हाईकोर्ट ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पति के पक्ष में फैसला सुनाया।
शारीरिक संबंध का सबूत होना हर बार जरूरी नहीं
हाईकोर्ट की इस टिप्पणी को मामले का अहम पहलू माना जा रहा है कि मानसिक क्रूरता साबित करने के लिए हर बार शारीरिक संबंधों का प्रत्यक्ष प्रमाण जरूरी नहीं होता। परिस्थितियों, व्यवहार और लगातार जारी गतिविधियों के आधार पर भी वैवाहिक जीवन में मानसिक क्रूरता का आकलन किया जा सकता है। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट का पुराना आदेश निरस्त करते हुए पति की तलाक की अपील स्वीकार कर ली।