DHAMTARI NEWS. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से घरेलू विवाद में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खाना नहीं बनाने की बात पर हुए विवाद के बाद एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। पहले उसने पाइप से पत्नी की पिटाई की और फिर तीर-कमान से उस पर कई वार किए। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद गांव के सरपंच के पास पहुंचा और पत्नी की हत्या करने की बात कबूल कर ली।
मृतका की पहचान 34 वर्षीय सत्याबाई कमार के रूप में हुई है। उसका विवाह राजकुमार कमार से प्रेम विवाह के जरिए हुआ था। दोनों के तीन बच्चे हैं। यह पूरी घटना केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाहनापथरा (कोटाभर्रीडीह) की है।
खाना नहीं बनाने पर शुरू हुआ विवाद
स्थानीय लोगों के मुताबिक, 25 नवंबर की रात राजकुमार घर लौटा तो उसकी पत्नी शराब के नशे में सो रही थी। घर में खाना नहीं बना था। इसी बात को लेकर उसने पत्नी से सवाल किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच शराब पीने और खाना नहीं बनाने जैसी बातों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। 25 नवंबर की रात भी मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
पहले पाइप से पीटा, फिर तीर-कमान से किया हमला
आरोप है कि गुस्से में आकर राजकुमार ने पहले पाइप से सत्याबाई की बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद उसने तीर-कमान उठाकर पत्नी पर कई बार हमला किया। इस हमले में महिला के माथे, ठुड्डी, हाथ और पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ सत्याबाई जमीन पर गिर पड़ी। गंभीर चोटों के कारण कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद खुद सरपंच के पास पहुंचा आरोपी
वारदात के बाद आरोपी राजकुमार गांव के सरपंच के पास पहुंचा। उसने कथित तौर पर सरपंच को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। इसके बाद सरपंच घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही केरेगांव पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतका के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए। इसके बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस कर रही आरोपी पति से पूछताछ
धमतरी के एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि केरेगांव पुलिस को ग्राम बाहनापथरा में एक महिला के संदिग्ध अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में महिला की मौत को लेकर उसके पति पर संदेह सामने आया है। इसी आधार पर आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।