SURGUJA NEWS. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में एक बार फिर युवकों की खतरनाक स्टंटबाजी का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ युवक सार्वजनिक सड़कों पर लापरवाही से वाहन चलाते और यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो मैनपाट क्षेत्र का है।
हैरानी की बात यह है कि मैनपाट में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। करीब तीन महीने पहले भी युवकों की स्टंटबाजी का मामला सामने आया था। उस समय पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अभियान चलाया था और संबंधित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इसके बावजूद एक बार फिर इस तरह की घटनाओं का सामने आना पुलिस की कार्रवाई और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
दरअसल, मैनपाट छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की खतरनाक स्टंटबाजी किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है। इससे न केवल स्टंट करने वाले युवकों की जान खतरे में पड़ती है, बल्कि स्थानीय लोगों, राहगीरों और पर्यटकों की सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा बना रहता है।
SURGUJA NEWS
अब सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की नजरें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल यह है कि बार-बार सामने आ रही ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस कब सख्त कदम उठाएगी और वायरल वीडियो में नजर आ रहे युवकों के खिलाफ कब कार्रवाई होगी? फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले में कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।