SURAJPUR NWS : सूरजपुर शहर के नेहरू पार्क में दिनदहाड़े हुई दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। एक युवक ने अपनी प्रेमिका पर धारदार चाकू से हमला कर उसका गला रेत दिया। गंभीर हालत में युवती को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
अफेयर के शक में बुलाया पार्क
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रितेश रजवाड़े को अपनी प्रेमिका राधिका पर किसी दूसरे युवक से संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर उसने राधिका को बातचीत के बहाने नेहरू पार्क बुलाया।
बहस के बाद किया जानलेवा हमला
पार्क में बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले से छिपाकर रखा धारदार चाकू निकाला और राधिका पर ताबड़तोड़ हमला कर उसका गला रेत दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के बाद पार्क में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ राधिका को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या का गुनाह कबूला
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपी रितेश रजवाड़े को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
SURAJPUR NEWS हत्या का मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।