RAIPUR NEWS रायपुर। राजधानी रायपुर के मोवा स्थित अशोका आइकन कॉलोनी में एक कारोबारी के घर से करीब 70 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि महज 12 दिन पहले घर में रसोइए के रूप में काम पर रखा गया कुक अपने साथियों के साथ मिलकर नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जल्द ही बरामदगी व गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक खुलासा करेगी।
नया रायपुर जाने का उठाया फायदा
जानकारी के मुताबिक, मोवा निवासी कोयला कारोबारी पंकज अग्रवाल ने महेंद्र कुमार यादव को 14 जुलाई से अपने घर में रसोइए के तौर पर काम पर रखा था। इससे पहले भी महेंद्र करीब आठ दिन उनके यहां काम कर चुका था, जिसके चलते उसे परिवार की दिनचर्या और घर के आने-जाने की पूरी जानकारी थी।
रविवार दोपहर करीब 2 बजे पंकज अग्रवाल अपने परिवार के साथ निजी काम से नया रायपुर गए थे। उस समय घर में केवल महेंद्र मौजूद था। शाम करीब 7 बजे जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य दरवाजा बंद मिला और घर के अंदर अंधेरा था। पीछे की ओर जाने पर गेट खुला मिला, जबकि बेडरूम का दरवाजा भी खुला हुआ था।
अलमारी तोड़कर 51.50 लाख रुपये नकद और जेवरात चोरी
परिवार ने जब बेडरूम की जांच की तो अलमारी के दोनों दरवाजे खुले मिले। अलमारी को पेचकस की मदद से खोला गया था। जांच में पता चला कि उसमें रखे 51.50 लाख रुपये नकद गायब थे। इसके अलावा पत्नी और बेटी के सोने के कंगन, नेकलेस सेट, कान के आभूषण, गिन्नियां, झुमके, टॉप्स, ब्रेसलेट और करीब 20 चांदी के सिक्के भी चोरी हो चुके थे।
लैपटॉप बैग में भरकर ले गया चोरी का सामान
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महेंद्र चोरी के बाद नकदी और जेवरात को लैपटॉप बैग में भरकर फरार हो गया। घटना के बाद से उसका मोबाइल फोन बंद था। सूचना मिलने पर पंडरी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।
RAIPUR NEWS : CCTV फुटेज और मोबाइल रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
पुलिस कॉलोनी और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपी के मोबाइल नंबर, पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, बिहार स्थित उसके पते और संपर्क में रहने वाले लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जल्द ही मामले में बरामदगी व अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर विस्तृत खुलासा किया जाएगा।