RAIPUR NEWS : छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य सरकार की ओर से लोगों के मोबाइल फोन पर अचानक इमरजेंसी अलर्ट भेजा गया, जिसमें अगले तीन घंटे के दौरान भारी बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। अलर्ट मिलते ही कई लोगों के मोबाइल पर तेज आवाज के साथ चेतावनी संदेश फ्लैश हुआ, जिससे लोग सतर्क हो गए।
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना कम दबाव का क्षेत्र अब मजबूत अवदाब में बदल गया है। वहीं, समुद्र तल पर सक्रिय मॉनसून द्रोणिका पश्चिमी राजस्थान, उरई, सीधी, रांची होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इन मौसमीय प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में व्यापक बारिश की स्थिति बनी हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित लगभग पूरे प्रदेश में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इसके अलावा प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों से मौसम संबंधी सभी अलर्ट पर नजर बनाए रखने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।