RAIPUR NEWS: छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 13 जिलों में तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रायपुर में भी आज बारिश के आसार हैं।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। शहर के कई इलाकों में हल्की फुहारें भी पड़ रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आज बारिश होने की संभावना है।
बारिश और बादलों के चलते राजधानी में तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम के बदले मिजाज से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह 7 बजे से अगले तीन घंटों के लिए छत्तीसगढ़ के 13 जिलों में खराब मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।
इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
कई जिलों में यलो अलर्ट
बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रदेश के कई अन्य जिलों के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली समेत कई जिले शामिल हैं।
बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब बढ़ा रहा बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट के पास बना अवदाब उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके अगले 24 घंटों में पहले उत्तर-उत्तर-पश्चिम और फिर उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।
इस मौसम प्रणाली का असर पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के साथ छत्तीसगढ़ में भी दिखाई दे रहा है। इसके प्रभाव से प्रदेश में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
कोरबा में सबसे ज्यादा 17 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। कोरबा में सबसे ज्यादा 17 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई। इसके बाद कोटाडोल और बिहारपुर में 10-10 सेमी तथा अजगरबहार में 9 सेमी बारिश हुई।
डौंडीलोहारा में 7 सेमी, जबकि ओडगी, रायपुर शहर, रायपुर, छाल और कापू में 6-6 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। लाल बहादुर नगर, अंबागढ़ चौकी, लखनपुर, छुरा और दर्री में 5-5 सेमी वर्षा हुई।
इसके अलावा कुमरदा, बागबाहर, जनकपुर-भरतपुर और उदयपुर में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई। लवन, लैलूंगा, रघुनाथनगर, धमतरी, छुरिया, मैनपाट, डौंडी, माना-रायपुर एयरपोर्ट, लटोरी, घरघोड़ा, करतला, केल्हारी, तमनार और मरीं बांग्ला देवरी में 3-3 सेमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और बारिश की चेतावनी को देखते हुए ऑरेंज और यलो अलर्ट वाले जिलों में लोगों को मौसम पर नजर रखने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचना सुरक्षित रहेगा।