GHAZIABAD NEWS. गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में दिल्ली पुलिस की महिला हेड कांस्टेबल का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान 30 वर्षीय अदिति के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस के उस्मानपुर थाने में तैनात थी। वह एक साथी हेड कांस्टेबल सचिन कुमार के साथ होटल पहुंची थी। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच जारी है।
होटल में साथी के साथ पहुंची थी अदिति
पुलिस के मुताबिक, अदिति 15 अगस्त की शाम करीब 7:12 बजे साहिबाबाद स्थित होटल रॉयल ब्लू पहुंची थी। रात करीब 10 बजे उसका साथी हेड कांस्टेबल सचिन कुमार भी होटल आया। होटल रिकॉर्ड के अनुसार, सचिन करीब 10:42 बजे होटल से निकल गया। अगले दिन 16 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे होटल कर्मचारी गौरव कमरे में पहुंचा। दरवाजा नहीं खुलने पर दूसरी चाबी से कमरा खोला गया, जहां अदिति का शव मिला। इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।
कमरे में मिला शव, मौके पर नहीं मिला सुसाइड नोट
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, लेकिन मौत की परिस्थितियों को लेकर जांच अभी जारी है।
इस साल 30 से ज्यादा बार होटल में ठहरे थे दोनों
जांच में होटल के रिकॉर्ड से एक और अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, अदिति और सचिन इस होटल में पहले भी कई बार ठहर चुके थे। इस साल दोनों के करीब 30 से ज्यादा बार होटल में चेक-इन करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब होटल के रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों के बयानों की जांच कर रही है। घटना के समय रिसेप्शन पर मौजूद कर्मचारी से भी पूछताछ की गई है।
साथी हेड कांस्टेबल से हो रही पूछताछ
पुलिस अदिति के साथी सचिन कुमार से भी पूछताछ कर रही है। दोनों के बीच किसी विवाद की बात भी जांच के दायरे में है। पुलिस उसके मोबाइल डेटा और घटना से पहले दोनों के बीच हुई बातचीत की भी पड़ताल कर रही है। अभी तक मृतका के परिजनों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।