RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के गोगांव में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जुआ खेलने के दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में प्रीतम साहू की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर डाल दिया। ट्रेन की चपेट में आने से मृतक का पैर भी कट गया।
रेलवे ट्रैक पर मिला शव, पुलिस ने समझा हादसा या आत्महत्या
घटना बीती रात गोगांव रेलवे पटरी के पास की बताई जा रही है। सुबह पुलिस को रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिली। शुरुआती तौर पर मामला हादसा या आत्महत्या का लग रहा था। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया।
लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे घाव मिले। सीने, पेट समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान देखकर पुलिस को हत्या का शक हुआ। इसके बाद गुढ़ियारी थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें सक्रिय हुईं।
जुए के पैसों को लेकर हुआ था विवाद
जांच में सामने आया कि मृतक प्रीतम साहू समेत कई लोग रात करीब 8 बजे गोगांव रेलवे पटरी के पास जुआ खेलने पहुंचे थे। देर रात तक जुआ चलने के दौरान हार-जीत के पैसों के लेनदेन को लेकर प्रीतम का कुछ लोगों से विवाद हो गया।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, इसी विवाद के दौरान निखिल ध्रुव नाम के एक संदिग्ध ने प्रीतम पर चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद प्रीतम की मौत हो गई।
हत्या के बाद रची गई आत्महत्या की साजिश!
हत्या के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर मामले को आत्महत्या या हादसा दिखाने की कोशिश की। इसके लिए प्रीतम के शव को रेलवे ट्रैक पर डाल दिया गया। बाद में ट्रेन की चपेट में आने से उसका पैर कट गया। आरोपियों की इस कथित साजिश का मकसद पुलिस को गुमराह करना बताया जा रहा है।
कई संदिग्ध हिरासत में, नाबालिगों से भी पूछताछ
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और क्राइम ब्रांच ने देर रात तक कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस को जांच के दौरान हत्या से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। हालांकि, संदिग्धों में कुछ नाबालिग होने की बात सामने आने के कारण पुलिस फिलहाल पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा करने से बच रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।