पत्नी के अफेयर का शक, फिर खौफनाक वारदात… चाचा-भतीजे ने युवक को पहले टंगिया से काटा, फिर पोल से बांधकर तालाब में फेंका…
RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे तिल्दा-नेवरा इलाके में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पत्नी और युवक के बीच प्रेम संबंध होने के शक में एक व्यक्ति ने अपने भतीजे के साथ मिलकर 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपितों ने टंगिया से युवक के सिर और गर्दन पर कई वार किए। हत्या के बाद पहचान और सबूत छिपाने के इरादे से शव को सीमेंट के पोल से बांधकर तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चाचा और भतीजे दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
पत्नी से संबंध का शक, चाचा-भतीजे ने रची हत्या की साजिश
पुलिस के मुताबिक, हत्या का मुख्य आरोपित शंकर पाल उर्फ राजू (38) अपनी पत्नी और पुरुषोत्तम पाल (22) के बीच प्रेम संबंध होने का शक करता था। इसी बात को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो चुका था। पुरानी रंजिश और शक के चलते शंकर ने अपने भतीजे किशन यादव उर्फ पिंटू यादव (20) के साथ मिलकर पुरुषोत्तम को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
टंगिया से सिर और गर्दन पर किए ताबड़तोड़ वार
योजना के मुताबिक, मौका मिलते ही दोनों आरोपितों ने पुरुषोत्तम पाल पर टंगिया से हमला कर दिया। उसके सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए गए। हमले इतने गंभीर थे कि पुरुषोत्तम की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपितों ने शव को ठिकाने लगाने की तैयारी शुरू कर दी।
सीमेंट के पोल से बांधकर तालाब में फेंका शव
हत्या के बाद दोनों आरोपितों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। इसके लिए उन्होंने पुरुषोत्तम के शव को सीमेंट के पोल से बांधा और गांव के मंजरी डबरी तालाब में फेंक दिया। आरोपितों को लगा कि शव पानी में डूबा रहेगा और वारदात का राज कभी सामने नहीं आएगा। हालांकि, पुलिस की जांच ने उनकी पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
बेटे के लापता होने की शिकायत लेकर थाने पहुंचा पिता
यह पूरा मामला तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम बेमता का है। मृतक पुरुषोत्तम पाल के पिता धनेश पाल ने 15 नवंबर को पुलिस थाने में बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि पुरुषोत्तम 14 नवंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे बेमता ईंट भट्ठे के पास से अचानक लापता हो गया था।परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की।
साथ देखे जाने की जानकारी से पुलिस को हुआ शक
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना वाले दिन शंकर पाल, उसका भतीजा किशन यादव और पुरुषोत्तम एक साथ देखे गए थे। इस आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान किशन ने हत्या की बात कबूल कर ली।इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों की निशानदेही पर मंजरी डबरी तालाब में तलाश अभियान चलाया। यहां से पुरुषोत्तम का शव बरामद कर लिया गया। फिलहाल पुलिस ने चाचा-भतीजे दोनों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।