सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर.. गोल्ड ₹2,300 और सिल्वर ₹7,100 तक टूटा, क्या अभी और गिरेगी कीमत?
GOLD SILVER PRICE. सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। भारत से लेकर अमेरिका तक कीमती धातुओं के बाजार में बिकवाली का दबाव बना हुआ है। घरेलू बाजार में सोने की कीमत 2,300 रुपये से ज्यादा टूट गई, जबकि चांदी के भाव में 7,100 रुपये से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गोल्ड 30 डॉलर प्रति औंस से ज्यादा सस्ता हो चुका है और चांदी की कीमतों में करीब 4 फीसदी तक की गिरावट आई है। इस गिरावट के पीछे भारत और अमेरिका में बढ़ती महंगाई तथा ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी की आशंका को बड़ी वजह माना जा रहा है। बाजार के जानकारों का अनुमान है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ब्याज दरों को बढ़ाकर 6.25 फीसदी तक कर सकता है। वहीं, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से दिसंबर में ब्याज दरें बढ़ाए जाने की संभावना भी जताई जा रही है। ऐसे में निवेशकों ने सोने-चांदी से दूरी बनानी शुरू कर दी है।
सोने की कीमत में 2,320 रुपये की बड़ी गिरावट
देश के वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। कारोबारी सत्र के दौरान सोना 2,320 रुपये प्रति 10 ग्राम तक टूटकर 1,34,385 रुपये पर पहुंच गया। इससे पहले शुक्रवार को सोने का वायदा भाव 1,36,705 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। सोमवार सुबह भी सोने की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में इसका भाव 1,35,853 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। वहीं, दोपहर 3:30 बजे सोना 2,055 रुपये की गिरावट के साथ 1,34,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखाई दिया।
चांदी के भाव में 7,100 रुपये से ज्यादा की गिरावट
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी बड़ी टूट देखने को मिली। MCX पर कारोबारी सत्र के दौरान चांदी का भाव 7,115 रुपये प्रति किलोग्राम गिरकर 1,69,194 रुपये पर पहुंच गया। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन चांदी 1,76,309 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। सोमवार सुबह इसका भाव गिरावट के साथ 1,72,400 रुपये पर खुला। इसके बाद बिकवाली का दबाव और बढ़ गया। दोपहर 3:30 बजे चांदी 6,925 रुपये की गिरावट के साथ 1,69,384 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।
विदेशी बाजारों में भी सोना-चांदी धड़ाम
घरेलू बाजार के अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। न्यूयॉर्क के कॉमेक्स बाजार में गोल्ड फ्यूचर करीब 28 डॉलर प्रति औंस टूटकर 3,858.40 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखाई दिया। वहीं, गोल्ड स्पॉट की कीमत में करीब 32 डॉलर प्रति औंस की गिरावट दर्ज की गई और यह 3,852.03 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी की बात करें तो कॉमेक्स बाजार में सिल्वर फ्यूचर करीब 4 फीसदी टूटकर 47.29 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं, सिल्वर स्पॉट की कीमत में करीब 3 फीसदी की गिरावट आई और यह 47.34 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखाई दी।
आखिर क्यों अचानक गिरने लगे सोने-चांदी के दाम?
सोने और चांदी की कीमतों में इस बड़ी गिरावट के पीछे भारत और अमेरिका में महंगाई के बढ़ते आंकड़ों को अहम वजह माना जा रहा है। महंगाई पर काबू पाने के लिए केंद्रीय बैंक ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकते हैं। बाजार में इसी आशंका के चलते निवेशकों का रुख बदलता दिखाई दे रहा है। जानकारों के मुताबिक, भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (MPC) दिसंबर की बैठक में ब्याज दरों को बढ़ाकर 6.25 फीसदी तक ले जा सकती है। RBI की अगली मौद्रिक नीति का ऐलान 4 दिसंबर को होना है।
दूसरी ओर, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक भी दिसंबर में प्रस्तावित है। फेडरल रिजर्व 9 दिसंबर को ब्याज दरों पर फैसला सुना सकता है। बाजार में अनुमान लगाया जा रहा है कि फेड की ओर से ब्याज दरें बढ़ाए जाने की संभावना करीब 90 फीसदी तक पहुंच गई है। दरअसल, ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका से सोने और चांदी जैसी गैर-ब्याज देने वाली संपत्तियों का आकर्षण कम हो जाता है। यही वजह है कि निवेशक फिलहाल इन कीमती धातुओं में मुनाफावसूली कर रहे हैं और घरेलू से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक कीमतों पर दबाव देखने को मिल रहा है।