RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र स्थित अशोका आईकन में कारोबारी के घर हुई करीब 70 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। वारदात का मास्टरमाइंड घर में काम करने वाला घरेलू रसोइया निकला, जिसने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को नागपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की पूरी रकम और जेवरात सहित करीब 70 लाख रुपये का सामान बरामद कर लिया है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
परिवार के बाहर जाते ही दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, अशोका आईकन, मोवा निवासी कारोबारी पंकज अग्रवाल 26 जुलाई को अपने परिवार के साथ निजी कार्य से नया रायपुर गए थे। घर में केवल उनका घरेलू रसोइया महेन्द्र कुमार यादव मौजूद था, जिसे 14 जुलाई से काम पर रखा गया था और वह पहले भी उनके यहां कार्य कर चुका था।
शाम को परिवार के लौटने पर मुख्य दरवाजा बंद मिला, जबकि पीछे का गेट खुला था। घर के अंदर बेडरूम और अलमारी के ताले खुले मिले। जांच करने पर अलमारी और लॉकर से लाखों रुपये की नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, गिन्नी, सिक्के, पेन ड्राइव और महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब मिले। शिकायत के बाद पंडरी थाने में मामला दर्ज किया गया।
सीसीटीवी फुटेज बना सबसे बड़ा सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर घरेलू रसोइया महेन्द्र कुमार यादव एक बैग लेकर घर से निकलता दिखाई दिया। उसके साथ एक अन्य युवक भी नजर आया।

इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की गतिविधियों का पीछा करते हुए क्रमवार सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि दोनों रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और समता एक्सप्रेस से नागपुर के लिए रवाना हो गए।
आरोपियों के फरार होने की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) नागपुर से संपर्क कर आरोपियों के फोटो और अन्य विवरण साझा किए। इसके बाद RPF और रायपुर पुलिस के समन्वय से नागपुर रेलवे स्टेशन पर दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पूछताछ में महेन्द्र यादव ने बताया कि उसने अपने साथी पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। परिवार के घर से बाहर जाने का फायदा उठाकर दोनों ने अलमारी और लॉकर से नगदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
वारदात के बाद दोनों पिंटू यादव की मोटरसाइकिल से घड़ी चौक पहुंचे, जहां बाइक खड़ी कर किराये के वाहन से रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और समता एक्सप्रेस से नागपुर भाग निकले।
51.50 लाख नकद सहित पूरी चोरी की संपत्ति बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 51 लाख 50 हजार रुपये नगद, सोने-चांदी के आभूषण, गिन्नी, सिक्के, पेन ड्राइव, महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी
महेन्द्र कुमार यादव (22 वर्ष), निवासी जिला बांका, बिहार (वर्तमान पता – अशोका आईकन, मोवा, रायपुर)
पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव (25 वर्ष), निवासी जिला बांका, बिहार (वर्तमान पता – आमासिवनी, विधानसभा थाना क्षेत्र, रायपुर)
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।