Advertisement Carousel

सामुदायिक भवन बता कर तान दी भव्य चर्च बिल्डिंग।हिंदू संगठन ने कहा कार्रवाई नहीं हुई तो यही मंदिर बनायेंगे 

Raipur News: रायपुर: रायपुर के बैरन बाजार स्थित सेंट पॉल स्कूल परिसर में कम्युनिटी हॉल के नाम पर हो रहे निर्माण को लेकर विवाद बढ़ गया है। हिंदू स्वाभिमान संगठन छत्तीसगढ़ ने निर्माण को अवैध बताते हुए कलेक्टर से इसे हटाने की मांग की है।

संगठन का आरोप है कि बिना अनुमति के यहां चर्च बनाया जा रहा है। शुक्रवार को संगठन के पदाधिकारियों ने पहले कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद संगठन के सदस्य निर्माण स्थल पहुंचे, जहां जमकर नारेबाजी की गई।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “जय श्रीराम” के नारे लगाए और चेतावनी दी कि यदि कथित अवैध चर्च निर्माण नहीं रोका गया तो संगठन वहां मंदिर बनाएगा।

जमीन की लीज खत्म, हो रहा अवैध निर्माण

Raipur News: हिंदू स्वाभिमान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष विश्वदिनी पांडेय ने कहा कि यह पूरा मामला एक शैक्षणिक परिसर से जुड़ा है, यहां विशाल धार्मिक संरचना तैयार की जा रही है। संगठन शुरू से इसका विरोध कर रहा है।

उन्होंने कहा कि जिस जमीन पर यह निर्माण हो रहा है, उसकी लीज 2022 में ही खत्म हो चुकी है और उसके बाद उसका नवीनीकरण भी नहीं हुआ। उनका कहना है कि इसी वजह से उन्होंने इस निर्माण का विरोध किया था।

विश्वदिनी पांडेय ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद यहां धर्मांतरण का बड़ा केंद्र तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पास में पहले से ही बैरन बाजार चर्च मौजूद है, इसलिए इतने बड़े निर्माण की आवश्यकता समझ से परे है।

उनका कहना है कि आसपास की बस्तियों और हिंदू परिवारों को टारगेट कर धीरे-धीरे धर्मांतरण की कोशिश की जा सकती है।

शिकायत के बाद भी निर्माण जारी

पांडेय ने कहा कि संगठन की शिकायत के बाद नगर निगम ने नोटिस जारी किया, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा और ऊपर के तीन फ्लोर भी तैयार किए जा रहे हैं। संगठन ने कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त से तत्काल कार्रवाई कर निर्माण तोड़ने की मांग की है।

उन्हाने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन कार्रवाई नहीं करता है तो संगठन वहां मंदिर बनाएगा।

हिंदू परिवारों को प्रभावित करने की कोशिश

संगठन की भारती राठौर ने कहा कि कुछ महीने पहले भी नोटिस दिया गया था, लेकिन निर्माण लगातार बढ़ता गया। उन्होंने कहा कि अंदर से जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें “कम्युनिटी हॉल” जैसा स्वरूप नजर नहीं आता।

उनका दावा है कि यह धार्मिक ढांचा बनाया जा रहा है। राठौर ने आरोप लगाया कि आसपास की बस्तियों और हिंदू परिवारों को प्रभावित करने की कोशिश की जा सकती है, इसलिए संगठन इसका विरोध कर रहा है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

इस मामले में अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर ने कहा कि यूनाइटेड चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया को पहले से कई जमीनें लीज पर दी गई थीं, जिनमें सेंट पॉल स्कूल की जमीन भी शामिल है। उन्होंने बताया कि यह नजूल भूमि है और वर्ष 2022 में इसकी लीज का नवीनीकरण होना था। फिलहाल नवीनीकरण की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन अभी तक अंतिम स्वीकृति नहीं हुई है।

रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई: अपर कलेक्टर

अपर कलेक्टर ने कहा कि दो दिन के भीतर जोन कमिश्नर की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यदि जांच में यह पाया जाता है कि निर्माण अनुमति के विपरीत किया जा रहा है या लीज और अनुमति संबंधी नियमों का उल्लंघन हुआ है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिस उद्देश्य के लिए अनुमति दी गई है, उसी के अनुरूप निर्माण होना चाहिए। यदि उसमें अनियमितता पाई जाती है तो प्रशासन कार्रवाई करेगा।

Raipur News:चर्च प्रबंधन का पक्ष नहीं आया सामने

khabarjordar.com  ने इस मामले में यूनाइटेड चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।