‘2 साल से रोज रेप करता था..’ ससुर की हरकतों से परेशान बहू ने उठाया खौफनाक कदम, ब्लेड से काट दिया गुप्तांग
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक महिला ने अपने ससुर का प्राइवेट पार्ट ब्लेड से काट दिया। महिला का आरोप है कि उसका ससुर लंबे समय से उसके साथ दुष्कर्म करता था और लगातार शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना दे रहा था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मामला शहर के चंधेड़ी रोड स्थित सफीपुर पट्टी इलाके का है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे घटना की सूचना मिली। घायल बुजुर्ग को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि उसका ससुर आए दिन उसके साथ अश्लील हरकतें करता था और कई बार दुष्कर्म भी कर चुका था। उसने यह बात अपने पति को भी बताई थी, लेकिन पति ने उसकी बात पर विश्वास नहीं किया। महिला का आरोप है कि लगातार हो रही प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह कदम उठाया।
महिला ने बताया कि उसे पहले से अंदेशा था कि ससुर उसके साथ फिर जबरदस्ती करेगा। इसी कारण उसने पहले से अपने पास एक ब्लेड रख ली थी। मौका मिलने पर उसने ससुर पर हमला कर दिया और घटना के बाद घर से बाहर निकल गई।
जानकारी के अनुसार, महिला की शादी करीब सात वर्ष पहले हुई थी और उसके दो बेटियां हैं। उसका पति पिछले दो वर्षों से हरियाणा में रहकर रिक्शा चलाता है। सास की मौत हो चुकी है, जबकि ससुर टेंपो चलाने का काम करता है। घटना के समय घर में महिला, उसका ससुर और दोनों बच्चियां मौजूद थीं।
स्थानीय महिलाओं का कहना है कि मृतक की पत्नी के निधन के बाद से ससुर का व्यवहार ठीक नहीं था। कुछ महिलाओं ने दावा किया कि पीड़िता ने पहले भी उनके सामने छेड़छाड़ की शिकायत की थी, लेकिन किसी ने गंभीरता से नहीं लिया।
MUZAFFARNAGAR NEWS
सीओ गजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घायल बुजुर्ग का इलाज चल रहा है। मामले में दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मेडिकल रिपोर्ट सहित सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।