‘5 लाख लेकर रिश्ता खत्म कर लो’… दरोगा पर युवती के गंभीर आरोप, मचा हड़कंप
BIHAR NEWS जमुई। बिहार के जमुई जिले में तैनात एक दरोगा पर शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में साथ रखने से इनकार करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, आरोपी दरोगा ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।
पीड़िता मुंगेर जिले की रहने वाली है। उसका आरोप है कि करीब एक वर्ष पहले फेसबुक के जरिए उसकी पहचान चंद्रदीप थाना में पदस्थ दरोगा कुंदन कृष्णा से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। युवती का दावा है कि 13 फरवरी 2026 को मुंगेर के चंडिका स्थान मंदिर में दोनों ने शादी की थी।
पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद दरोगा उसे मुंगेर और बेगूसराय के विभिन्न होटलों में बुलाता रहा और करीब छह महीने तक शारीरिक संबंध बनाए। जब भी उसने साथ रहने की बात कही, आरोपी स्थायी रूप से कमरा लेने का आश्वासन देकर बात टालता रहा।
युवती का कहना है कि बाद में दरोगा की पोस्टिंग जमुई जिले के चंद्रदीप थाना में हो गई। इसके बाद वह वहां पहुंची तो कुछ समय तक आरोपी ने उसे अपने किराए के कमरे में रखा, लेकिन बाद में कथित तौर पर यह कहकर साथ रखने से इनकार कर दिया कि दोनों अलग-अलग जाति के हैं।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि दरोगा ने रिश्ता खत्म करने के बदले पांच लाख रुपये देने का प्रस्ताव भी रखा। विरोध करने पर उसे जबरन चंद्रदीप थाना ले जाया गया, जहां उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और धमकाकर भगा दिया गया।
मामले में पीड़िता ने जमुई एसपी को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर, आरोपी दरोगा कुंदन कृष्णा ने शादी करने और लगाए गए सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए फिलहाल वह इस मामले पर अधिक टिप्पणी नहीं कर सकते।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।