Advertisement Carousel

सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला गरमाया, BJP नेता पर संरक्षण का आरोप

 

रायपुर। नगर निगम जोन क्रमांक 03 अंतर्गत गुरु गोविंद सिंह वार्ड के पंडरी मेन रोड स्थित जय भोले कॉम्प्लेक्स के समीप सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। क्षेत्रीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि मनिंदर सिंह नामक व्यक्ति द्वारा लंबे समय से सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कार्य किया गया है, लेकिन शिकायतों के बावजूद निगम प्रशासन अब तक प्रभावी कार्रवाई करने में असफल रहा है।

वार्ड पार्षद कैलाश बेहरा ने बताया कि अवैध कब्जा हटाने एवं निर्माण ध्वस्त करने की मांग को लेकर नगर निगम जोन 03 आयुक्त को कई बार लिखित शिकायत एवं पत्र सौंपे जा चुके हैं। निगम प्रशासन द्वारा नोटिस जारी किए जाने की प्रक्रिया भी पूरी की गई, लेकिन इसके बावजूद आज तक ना तो कब्जा हटाया गया और ना ही अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया गया।

इस पूरे मामले को लेकर निगम अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि सामान्य व्यक्ति द्वारा छोटा अतिक्रमण किया जाता है तो निगम तत्काल कार्रवाई करता है, लेकिन इस मामले में लगातार देरी राजनीतिक संरक्षण की ओर इशारा कर रही है।

लापरवाही का आलम यह है अवैध निर्माण में कर्मचारियों ने जनगणना के तहत भवन क्रमांक भी दर्ज कर दिया है

क्षेत्रवासियों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि सरकारी भूमि पर खुलेआम कब्जा होने के बावजूद प्रशासनिक अमला मूकदर्शक बना हुआ है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो अन्य कब्जाधारियों के हौसले भी बढ़ सकते हैं।

अब शहरवासियों की नजर नगर निगम प्रशासन पर टिकी हुई है कि समाचार प्रकाशित होने के बाद निगम अधिकारी सक्रिय होकर अवैध कब्जा हटाने की दिशा में ठोस कदम उठाते हैं या फिर मामला राजनीतिक दबाव और प्रशासनिक उदासीनता के बीच ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।