Advertisement Carousel

मैं उस माहौल में नहीं रह सकता… 2027 के वनडे वर्ल्ड कप को लेकर विराट कोहली ने रखी शर्त?

नई दिल्ली : टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली इस समय आईपीएल 2026 में शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेलते हुए कोहली ने 12 मैचों में 484 रन बनाए हैं और ऑरेंज कैप की दौड़ में मजबूती से बने हुए हैं। उनकी टीम भी बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है और 16 अंकों के साथ प्लेऑफ में जगह बनाने के बेहद करीब पहुंच चुकी है।

आरसीबी पॉडकास्ट में खुलकर की बात

आईपीएल के बीच विराट कोहली ने आरसीबी पॉडकास्ट में अपने क्रिकेट करियर और भविष्य को लेकर खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने की इच्छा जताई, लेकिन साथ ही एक अहम शर्त भी रखी। कोहली ने कहा कि वह तभी तक क्रिकेट खेलना चाहते हैं, जब तक टीम और मैनेजमेंट को उन पर भरोसा रहेगा। अगर उन्हें हर बार खुद को साबित करने की जरूरत महसूस होगी, तो वह ऐसे माहौल में नहीं खेलना चाहेंगे।

‘मुझे अपनी कीमत साबित..’

कोहली ने कहा, “अगर मुझे यह महसूस कराया गया कि मुझे अपनी कीमत साबित करनी है, तो वह जगह मेरे लिए नहीं है। मैं अपनी तैयारी और मेहनत को लेकर पूरी तरह ईमानदार हूं।” 37 वर्षीय कोहली अब सिर्फ वनडे क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह पहले ही टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन वनडे क्रिकेट के प्रति उनका जुनून अभी भी बरकरार है।

‘मैं हर गेंद को ऐसे खेलता हूं…’

पूर्व भारतीय कप्तान ने बताया कि वह आज भी हर मैच की तैयारी उसी गंभीरता से करते हैं, जैसे अपने करियर की शुरुआत में करते थे। कोहली ने कहा, “अगर टीम मुझसे 40 ओवर तक बाउंड्री से बाउंड्री दौड़ने को कहे, तो मैं बिना किसी शिकायत के करूंगा। मैं हर गेंद को ऐसे खेलता हूं जैसे वह मेरे करियर की आखिरी गेंद हो।”

क्रिकेट के प्रति अपने प्यार के कारण खेलते है विराट

विराट कोहली ने यह भी बताया कि ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद उनके सोचने का तरीका पूरी तरह बदल गया। अब वह किसी आलोचना, रिकॉर्ड या बाहरी दबाव के लिए नहीं, बल्कि सिर्फ क्रिकेट के प्रति अपने प्यार के कारण खेलते हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने दूसरों की अपेक्षाओं से खुद को अलग किया, तब उन्हें फिर से बचपन की तरह क्रिकेट खेलने का आनंद मिलने लगा।

कोहली ने टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ियों के लगातार आकलन पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि अगर किसी खिलाड़ी पर भरोसा किया जाता है, तो हर खराब प्रदर्शन के बाद उसकी अहमियत पर सवाल नहीं उठने चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि अगर वह आगे खेलते रहे, तो उनकी सबसे बड़ी इच्छा भारत के लिए एक और वर्ल्ड कप खेलना होगी।

टेस्ट, T-20 से संन्यास, सिर्फ वनडे फॉर्मेट ही खेलते हैं विराट

फैंस के बीच किंग कोहली के नाम से मशहूर विराट फिलहाल सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं। उन्होंने 2024 टी-20 विश्व कप जीतने के बाद टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया और खराब फॉर्म के लंबे दौर के बाद पिछले साल इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया था।