दूसरी क्लास के बच्चों को मिला ऐसा होमवर्क, मच गया बवाल; शिक्षिका की गई बर्खास्त
HYDERABAD NEWS हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के सईदाबाद स्थित एक निजी स्कूल में दूसरी कक्षा के छात्रों को कथित तौर पर एक विशेष धर्म से जुड़ा होमवर्क दिए जाने का मामला सामने आने के बाद विवाद गहरा गया है। अभिभावकों और भाजपा नेताओं के विरोध के बीच स्कूल प्रबंधन ने संबंधित शिक्षिका को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। वहीं, स्कूल के बाहर प्रदर्शन कर रहे कई भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
धार्मिक होमवर्क के आरोप के बाद मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, सईदाबाद स्थित एक प्राइवेट स्कूल में दूसरी कक्षा के छात्रों को कथित रूप से एक विशेष धर्म से संबंधित होमवर्क दिया गया। मामला सामने आते ही अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन से विरोध जताया। इसके बाद भाजपा नेताओं ने भी स्कूल पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।
शिक्षिका की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त
विवाद बढ़ने पर सक्सेस ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस ने 15 जुलाई को आदेश जारी कर सईदाबाद शाखा में कार्यरत संबंधित शिक्षिका की सेवाएं 16 जुलाई से तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दीं। स्कूल प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया कि उक्त शिक्षिका भविष्य में ग्रुप के किसी भी संस्थान में नौकरी के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगी।
स्कूल के बाहर BJP का प्रदर्शन
घटना के विरोध में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल परिसर के बाहर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल की मान्यता रद्द करने, संस्थान को बंद करने और प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।
कई भाजपा नेता हिरासत में
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा बढ़ाई और प्रदर्शन कर रहे कई भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। भाजपा नेता अंदेला श्रीरामुलु यादव ने आरोप लगाया कि दूसरी कक्षा के बच्चों को धार्मिक पाठ पढ़ाया जा रहा था और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
FIR और प्रिंसिपल की गिरफ्तारी की मांग
भाजपा नेता एवं अधिवक्ता करुणा सागर भी स्कूल पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने स्कूल प्राचार्य की गिरफ्तारी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।