BHILAI NEWS भिलाई। दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार सुबह कुम्हारी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर और स्कूटी की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच दुर्ग से रायपुर जाने वाली लेन में हुआ। स्कूटी (CG 07 DE 5847) पर कुल पांच लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि आगे चल रहे ट्रैक्टर (CG 07 NA 0930) ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिसके बाद पीछे से आ रही स्कूटी उससे टकरा गई।
टक्कर के बाद सड़क पर गिरे सवार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार सभी लोग सड़क पर गिर गए। इसके बाद ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो महिलाओं और दो बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
BHILAI NEWS मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और यातायात को सामान्य कराया।