DHAMTARI NEWS. छत्तीसगढ़ के धमतरी में चाकूबाजी की घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। दानीटोला वार्ड में एक परिवार पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों का सिर मुंडवाकर शहर के प्रमुख इलाकों में भ्रमण कराया गया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य चाकूबाजी और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त संदेश देना है। आरोपियों को सदर बाजार समेत शहर के प्रमुख इलाकों में पैदल ले जाया गया।
मछली पकड़ने की जानकारी देने के शक में हुआ विवाद
पूरा मामला धमतरी के दानीटोला वार्ड का है। पुलिस के अनुसार, करीब तीन दिन पहले एक परिवार पर अचानक हमला किया गया था। बताया जा रहा है कि आरोपियों को शक था कि पीड़ित परिवार तालाब में मछली पकड़ने की जानकारी ढीमर समाज के लोगों को देता है। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और आरोपियों ने कथित तौर पर परिवार के घर पर ईंट-पत्थर बरसाए। इसके बाद पिता और उसके दो बेटों पर चाकू से हमला किए जाने का आरोप है। हमले में तीनों घायल हो गए थे। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एक नाबालिग समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रितेश कुमार ध्रुव, आलेक रामटेके, राम साहू, चंद्रशेखर और एक नाबालिग समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
चार आरोपियों का सिर मुंडवाकर कराया शहर में भ्रमण
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने चार आरोपियों का सिर मुंडवाया और उन्हें शहर के प्रमुख इलाकों में लेकर गई। इस दौरान आरोपियों से कानून का पालन करने और चाकूबाजी से दूर रहने के नारे भी लगवाए गए। पुलिस की इस कार्रवाई को देखने के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सदर बाजार सहित शहर के अन्य हिस्सों में आरोपियों को पुलिस की निगरानी में ले जाते हुए देखा गया।
चाकूबाजी के खिलाफ पुलिस का संदेश
पुलिस की ओर से की गई इस कार्रवाई का मकसद शहर में चाकूबाजी और आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने का संदेश देना बताया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।फिलहाल पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।