PILIBHIT NEWS. उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में कचहरी परिसर के बाहर उस वक्त हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब पति के साथ कोर्ट पहुंची एक महिला की नजर अचानक एक युवक पर पड़ी। महिला ने युवक को अपना प्रेमी बताया और बिना किसी की परवाह किए उसे सरेआम गले लगा लिया। इसके बाद मौके पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच खींचतान शुरू हो गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कचहरी के बाहर लोगों की भीड़, महिला और युवक के बीच नजदीकी तथा दोनों पक्षों के बीच हो रही खींचतान दिखाई दे रही है। मौके पर पुलिसकर्मी भी स्थिति को संभालते नजर आए।
पुराने मुकदमे के सिलसिले में पति के साथ कोर्ट पहुंची थी महिला
जानकारी के मुताबिक, मामला पीलीभीत के टनकपुर रोड स्थित कचहरी परिसर के बाहर का है। महिला अपने पति के साथ किसी पुराने मुकदमे के सिलसिले में अदालत पहुंची थी। इसी दौरान वहां एक युवक भी पहुंच गया। बताया जा रहा है कि युवक को देखते ही महिला उसके पास पहुंची और उसे गले लगा लिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम को देखकर आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए। कुछ ही देर में कचहरी के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रेमी को अलग करने की कोशिश, फिर शुरू हुई खींचतान
महिला के युवक के साथ जाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। वायरल वीडियो में कुछ लोग महिला को युवक से अलग करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। वहीं महिला युवक का साथ छोड़ने को तैयार नहीं दिखाई दे रही है। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच खींचतान और मारपीट की स्थिति बन गई। काफी देर तक कचहरी के बाहर हंगामा चलता रहा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
आखिरकार युवक के साथ चली गई महिला
बताया जा रहा है कि हंगामे के बाद महिला अपने प्रेमी बताए जा रहे युवक के साथ वहां से चली गई। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। घटना एक दिन पहले की बताई जा रही है। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कुछ लोगों ने वीडियो को अलग-अलग गानों और एडिटिंग के साथ भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
पुलिस ने दोनों पक्षों पर की कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित कोतवाल को मामले की जानकारी दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने मौके की स्थिति और दोनों पक्षों से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई। कोतवाल प्रमेन्द्र सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है।
महिला की कोर्ट मैरिज की भी सामने आई बात
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में एक पक्ष में महिला का पति बताया जा रहा है। वहीं दूसरे युवक के साथ महिला की कोर्ट मैरिज होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।फिलहाल कचहरी के बाहर हुए इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। महिला का पति के साथ कोर्ट पहुंचना, वहां अचानक युवक को गले लगाना और फिर दोनों पक्षों के बीच हुई खींचतान ने पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया है।