MAHARASHTRA NEWS. महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में पेट्रोल पंप सील करने की कार्रवाई के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चोंडी गांव में इंडियन ऑयल की टीम पेट्रोल पंप को सील करने और टेकओवर की कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इसी दौरान पेट्रोल पंप संचालक के परिवार और कंपनी की टीम के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि इसी दौरान इंडियन ऑयल के मैनेजर महेश शेळके पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और पेट्रोल पंप परिसर में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पेट्रोल पंप सील करने पहुंची थी इंडियन ऑयल की टीम
जानकारी के मुताबिक, हिंगोली के चोंडी गांव में स्थित इंडियन ऑयल का एक पेट्रोल पंप पिछले कुछ दिनों से बंद था। कंपनी की ओर से पेट्रोल पंप को सील करने और उसका टेकओवर करने की प्रक्रिया की जानी थी। इसी कार्रवाई के लिए इंडियन ऑयल के मैनेजर महेश शेळके अपनी टीम के साथ पेट्रोल पंप पहुंचे थे। टीम ने जैसे ही सीलिंग की प्रक्रिया शुरू की, वहां मौजूद पेट्रोल पंप संचालक के परिवार के सदस्यों और कंपनी के अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच विवाद शुरू हो गया।
सीलिंग को लेकर विवाद, फिर धारदार हथियार से हमला
बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप सील करने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान महेश शेळके पर कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर पेट्रोल पंप परिसर में गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर चोटों के चलते महेश शेळके की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू करने के साथ मामले से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
हरदीप सिंह पुरी ने जताया दुख
इंडियन ऑयल अधिकारी की मौत की खबर सामने आने के बाद केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर महेश शेळके की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए घटना की निंदा की। केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, महेश शेळके इंडियन ऑयल के रिटेल आउटलेट के टेकओवर की कार्रवाई में शामिल टीम का हिस्सा थे और ड्यूटी के दौरान उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया।
महाराष्ट्र सरकार और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
हरदीप सिंह पुरी ने महाराष्ट्र सरकार और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले में आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत तेजी से कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम मंत्रालय और इंडियन ऑयल महेश शेळके के परिवार के साथ खड़े हैं और परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने ऊर्जा क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पेट्रोल पंप सील करने की कार्रवाई के दौरान विवाद किस वजह से इतना बढ़ा और हमले में कौन-कौन शामिल था, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।