CHHATTISGARH NEWS : छत्तीसगढ़ में बारिश के बीच आकाशीय बिजली ने कहर बरपाया है। प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में हुए हादसों में कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। पेंड्रा जिले के मरवाही क्षेत्र में खेत में रोपा लगा रही एक महिला मजदूर की बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 6 अन्य लोग घायल हो गए। दूसरी ओर चिरमिरी क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत और 5 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है।
पेंड्रा में खेत में काम कर रही महिलाओं पर गिरी बिजली
पेंड्रा जिले के मरवाही थाना क्षेत्र के मड़वाही गांव में यह हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, गांव की महिलाएं बारिश के दौरान खेत में रोपा लगाने का काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिर गई।
बिजली की चपेट में आने से एक महिला मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मरवाही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मरवाही थाना पुलिस को घटना की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
चिरमिरी में 3 लोगों की मौत, 5 घायल
वहीं चिरमिरी क्षेत्र में भी आकाशीय बिजली गिरने की घटना सामने आई है। खड़गवां क्षेत्र के शिवपुर और मंगोरा गांव में हुए हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा भी खेत में काम करने के दौरान हुआ।
CHHATTISGARH NEWS
बारिश के मौसम में लगातार हो रही आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।