RAIPUR NEWS . राजधानी रायपुर में फ्रेंडशिप डे से पहले सोशल मीडिया पर एक कथित प्राइवेट पूल पार्टी का पोस्टर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल पोस्टर में ₹4,999 एंट्री फीस, खूबसूरत एक्ट्रेसेस और मॉडल्स के साथ इंटरैक्शन, बीयर-ड्रिंक्स, म्यूजिक और प्राइवेट पूल पार्टी का दावा किया गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पोस्टर में आयोजन स्थल की जानकारी केवल भुगतान के बाद ही देने की बात कही गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टर में “Exclusive Private Premium Pool Party” के नाम से कार्यक्रम का प्रचार किया गया है। इसमें “Limited Guests Only” लिखकर सीमित लोगों को ही एंट्री देने का दावा किया गया है। पोस्टर में यह भी कहा गया है कि पार्टी में शामिल होने वाले लोगों को मॉडल्स और एक्ट्रेसेस के साथ इंटरैक्शन का मौका मिलेगा। साथ ही बीयर, अन्य ड्रिंक्स, स्वादिष्ट भोजन और म्यूजिक पार्टी का भी उल्लेख किया गया है।
एंट्री फीस जमा करने के बाद बताई जाएगी लोकेशन
पोस्टर के अनुसार, पार्टी में शामिल होने के लिए ₹4,999 की एंट्री फीस निर्धारित की गई है। बुकिंग के लिए इंस्टाग्राम पर डायरेक्ट मैसेज (DM) करने को कहा गया है। दावा किया गया है कि भुगतान होने के बाद ही आयोजन स्थल की जानकारी साझा की जाएगी। यही वजह है कि पूरे आयोजन को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं।
हाई-प्रोफाइल लोगों के शामिल होने की चर्चा
सूत्रों के अनुसार, यह कथित पार्टी शहर के किसी बड़े रिसॉर्ट में आयोजित किए जाने की तैयारी थी। चर्चा है कि इसमें कुछ हाई-प्रोफाइल परिवारों से जुड़े लोगों के शामिल होने की भी संभावना थी। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस कर रही पोस्टर और आयोजकों की जांच
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने वायरल पोस्टर की सत्यता की जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर माध्यमों से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पोस्टर किस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और किन अकाउंट्स से प्रसारित किया गया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कथित आयोजन के लिए किसी प्रकार की वैधानिक अनुमति ली गई थी या नहीं।
बजरंग दल ने जताई आपत्ति
वायरल पोस्टर को लेकर बजरंग दल ने भी कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन का कहना है कि राजधानी में पहले भी इस तरह के पोस्टर सामने आ चुके हैं। यदि इस प्रकार का आयोजन किया गया तो संगठन इसका विरोध करेगा। पदाधिकारियों ने प्रशासन से समय रहते सख्त कार्रवाई की मांग की है।