बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक छात्र की मौत हो गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टक्कर इतनी जोरदार दिखाई दे रही है कि छात्र कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरता है। गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। तेज रफ्तार कार ने पहले छात्र को टक्कर मारी और इसके बाद अनियंत्रित होकर सामने खड़ी स्कूल बस से जा भिड़ी। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय कार एक नाबालिग चला रहा था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि नाबालिग के हाथ में कार कैसे पहुंची।