RAIPUR NEWS : रायपुर। राजधानी रायपुर में देर रात चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं से सनसनी फैल गई। पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बैरन बाजार स्थित फौव्वारा चौक में हुई, जबकि दूसरी वारदात डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा बाजार में सामने आई। दोनों मामलों में आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
बैरन बाजार में विवाद के बाद युवक पर चाकू से हमला
जानकारी के मुताबिक, बैरन बाजार के फौव्वारा चौक स्थित एक पान ठेले पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी इमरोज ने युवक सत्यम सिका पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बचाव के दौरान चाकू सत्यम की बाईं जांघ में लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात के बाद आरोपी इमरोज और उसका साथी फिरोज मौके से फरार हो गए। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
चंगोराभाठा बाजार में फल विक्रेता पर चाकू से हमला
वहीं, दूसरी घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा बाजार में हुई। यहां भाजपा महिला मोर्चा लाखेनगर मंडल अध्यक्ष के पति समेत एक फल विक्रेता पर चाकू से हमला किया गया।
बताया जा रहा है कि कुछ नशेड़ी युवक इलाके में कथित अवैध वसूली कर रहे थे। इसी दौरान पवन वर्मा और फल विक्रेता उनका वीडियो बना रहे थे, जिससे नाराज आरोपियों ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा की महिला पार्षद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग आधी रात डीडी नगर थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस जांच में जुटी
दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है। राजधानी में लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है।