BILASPUR NEWS: बिलासपुर – शहर के व्यस्त गांधी चौक क्षेत्र में स्थित एक इलेक्ट्रिकल दुकान में दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधी चौक निवासी और अविनाश इलेक्ट्रिकल के संचालक अविनाश चौधरी की शिकायत पर पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रार्थी के अनुसार, 1 जून 2026 की शाम करीब 7:05 बजे सफेद एक्टिवा सवार दो युवक उनकी दुकान पहुंचे। दोनों ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। इनमें से एक युवक दुकान के बाहर एक्टिवा पर खड़ा रहा, जबकि दूसरा दुकान के अंदर आया और सीलिंग फैन देखने की बात कही। फैन दिखाने के दौरान उसने यह कहकर दुकानदार का मोबाइल फोन मांग लिया कि उसे घर पर बात कर यह तय करना है कि कौन-सा रंग का पंखा लेना है।
कुछ देर बाद जब दुकानदार ने अपना मोबाइल वापस मांगा तो आरोपी ने मोबाइल लौटाने का नाटक किया और टेबल पर रखे सीलिंग फैन से उनके सिर पर हमला कर दिया। हमले से अविनाश चौधरी के सिर के बाएं हिस्से में चोट आई। इसके बाद आरोपी उनके हाथ से करीब 30 हजार रुपये कीमत का आईफोन 13 प्रो मैक्स छीनकर दुकान से बाहर भागा और अपने साथी के साथ एक्टिवा में बैठकर हटरी चौक की ओर फरार हो गया।
BILASPUR NEWS
पीड़ित ने आरोपियों की उम्र लगभग 28 से 36 वर्ष के बीच बताई है। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने धारा 125, 304 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।




