CGPSC भर्ती घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, कई जिलों में छापेमारी
CGPSC Scam : रायपुर : छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाले से जुड़े मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य के कई जिलों में एक साथ छापेमारी की। रायपुर, दुर्ग सहित विभिन्न स्थानों पर ईडी की टीम जांच में जुटी हुई है।
रायपुर में CGPSC की पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक के निवास पर भी सुबह से तलाशी और पूछताछ की कार्रवाई जारी है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वित्तीय लेन-देन की जांच के तहत की जा रही है।
गौरतलब है कि इस मामले की जांच पहले केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) कर रही थी। जांच के दौरान आरती वासनिक समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। वर्तमान में आरती वासनिक न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।
ईडी की ताजा कार्रवाई के बाद CGPSC भर्ती घोटाले की जांच ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। जांच एजेंसियों का मानना है कि आने वाले दिनों में मामले से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।