Surajpur News : सूरजपुर। सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ब्रह्मपुर में मोबाइल बैटरी फटने से एक वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घर के बाहर खेल रहे बच्चों ने पुरानी मोबाइल बैटरी को आग में डाल दिया था, जिसके बाद हुए जोरदार विस्फोट में मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। उपचार के दौरान मंगलवार तड़के मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार ब्रह्मपुर निवासी महेंद्र सिंह नेताम रविवार सुबह मजदूरी के लिए ट्रैक्टर लेकर घर से निकले थे। घर पर उनकी पत्नी और पांच बच्चे मौजूद थे। मृतक आदित्य सिंह नेताम परिवार का सबसे छोटा सदस्य था और उसकी उम्र महज एक वर्ष थी।
बताया गया कि रविवार शाम करीब पांच बजे आदित्य अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों को कहीं पड़ी एक पुरानी मोबाइल बैटरी मिल गई। पास में कूड़ा जल रहा था, इसलिए खेल-खेल में बच्चों ने बैटरी को आग में फेंक दिया। कुछ ही क्षण बाद बैटरी तेज धमाके के साथ फट गई।
विस्फोट के समय आदित्य बैटरी के बेहद करीब खड़ा था, जिससे वह सीधे उसकी चपेट में आ गया। धमाके से निकली गर्म सामग्री और आग की लपटों ने उसके चेहरे, सीने, पेट और हाथों को बुरी तरह झुलसा दिया। तेज आवाज सुनकर अन्य बच्चे घबराकर भाग गए।
घटना के समय आदित्य की मां पास के नल से पानी भरने गई हुई थी। धमाके की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंची तो मासूम को गंभीर हालत में जमीन पर पड़ा पाया। अन्य बच्चों से पूछताछ करने पर पूरी घटना का पता चला।
रात करीब नौ बजे जब पिता महेंद्र सिंह नेताम काम से लौटे तो उन्हें घटना की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन घायल बच्चे को तत्काल प्रेमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया।
Surajpur News
अगले दिन परिजन उसे लेकर अंबिकापुर पहुंचे, जहां उसका इलाज शुरू हुआ, लेकिन उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। मंगलवार सुबह करीब चार बजे उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव गांव ले जाया गया। परिवार में इस घटना के बाद शोक का माहौल है।




