पटाखा फैक्ट्री में मौत का धमाका! एक के बाद एक ब्लास्ट, 8 लोगों की दर्दनाक मौत
AHMEDABAD NEWS: अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग और विस्फोट से बड़ा हादसा हो गया। महमूदपुरा इलाके के गैट्रेड रोड स्थित टैलेंट फायरवर्क्स फैक्ट्री में आग लगने के बाद लगातार कई जोरदार धमाके हुए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। धमाकों की तीव्रता के कारण आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और इलाके को खाली कराया गया।
घायलों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ घायलों का इलाज एलजी अस्पताल और सिविल अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य को भी अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टैलेंट फायरवर्क्स फैक्ट्री का संचालन मेहुल डोडिया द्वारा किया जाता है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए अहमदाबाद के महापौर, नगर आयुक्त सहित प्रशासन और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
फायर ब्रिगेड की कई विशेष टीमें आग बुझाने और फैक्ट्री परिसर में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं। राहत अभियान में मिनी फायर फाइटर, वाटर बाउजर, रैपिड इंटरवेंशन व्हीकल (RIV) और एंबुलेंस की मदद ली जा रही है।
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।