BIHAR NEWS. सोशल मीडिया क्रिएटर्स के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। नई सोशल मीडिया नीति के तहत सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर वीडियो बनाने वाले पात्र क्रिएटर्स को उनके वीडियो पर आने वाले व्यूज के आधार पर भुगतान किया जाएगा। एक वीडियो से अधिकतम 1 लाख रुपये तक कमाई का मौका मिलेगा।
इस व्यवस्था में वीडियो को 30 दिनों के भीतर मिलने वाले व्यूज को आधार बनाया जाएगा। हर 1 लाख व्यूज पर 10 हजार रुपये का भुगतान किया जाएगा। यानी अगर किसी वीडियो को 10 लाख व्यूज मिलते हैं तो क्रिएटर को अधिकतम 1 लाख रुपये तक मिल सकते हैं।
यह फैसला बिहार की सम्राट चौधरी सरकार ने लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में बिहार सोशल मीडिया नीति में संशोधन को मंजूरी दी गई है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग जल्द ही इस संबंध में विस्तृत अधिसूचना जारी करेगा।
हालांकि, हर वायरल वीडियो पर अपने आप भुगतान नहीं किया जाएगा। इसके लिए क्रिएटर्स को सरकार की निर्धारित शर्तें पूरी करनी होंगी और एम्पैनलमेंट प्रक्रिया के तहत पात्र होना जरूरी होगा। क्रिएटर्स के पेज, हैंडल और चैनलों के फॉलोअर्स की भी समय-समय पर जांच की जाएगी।
सरकार का उद्देश्य अपनी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी डिजिटल माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है। साथ ही इस पहल से युवाओं और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के लिए कमाई के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।