KORBA NEWS: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पुलिस विभाग से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसमें नियमों की अनदेखी के आरोप में कटघोरा थाना प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। पुलिस टीम एक कारोबारी विवाद से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में दिल्ली गई थी। टीम को ट्रेन से यात्रा करने की अनुमति दी गई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिसकर्मी विमान से दिल्ली पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक, यह टीम पिछले महीने अदालत के आदेश से जुड़े एक मामले की जांच के लिए दिल्ली रवाना हुई थी। अधिकारियों को जब पुलिसकर्मियों के फ्लाइट से यात्रा करने की जानकारी मिली तो मामले की जांच शुरू कराई गई। जांच में निर्धारित यात्रा प्रक्रिया और अनुमति से जुड़े नियमों की अनदेखी सामने आने के बाद कार्रवाई की गई।
टिकट के पैसे को लेकर भी उठे सवाल
मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि पुलिस टीम के फ्लाइट टिकट का भुगतान किसने किया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मुताबिक, इस पहलू की भी जांच की जा रही है। शिकायतकर्ता कारोबारी गौरव मोदी से टिकट के पैसे लिए गए थे या नहीं, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी।
आरोप यह भी है कि तत्कालीन कटघोरा थाना प्रभारी मोती बी. पटेल ने शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराए गए पैसों से टिकट बुक कराया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने इस संबंध में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद सामने आने की बात कही है।
थाना प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मी निलंबित
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में कटघोरा थाना प्रभारी मोती पटेल, उप निरीक्षक राम पांडे, प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा, गोपाल यादव और राजेश कंवर शामिल हैं। इनके अलावा आरक्षक प्रदीप राठौर, साइबर प्रकोष्ठ के आरक्षक सुशील यादव और कोरबा रिजर्व केंद्र के आरक्षक प्रशांत सिंह पर भी कार्रवाई हुई है।
दो थानों की जिम्मेदारी बदली
निलंबन की कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग ने कटघोरा और दीपका थाने की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया है। दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू को कटघोरा थाने का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं दीपका थाने की जिम्मेदारी धर्म नारायण तिवारी को दी गई है।
फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि विमान से यात्रा का फैसला किस स्तर पर लिया गया और टिकट की रकम की व्यवस्था कैसे हुई। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।