BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने न्यायिक सेवा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए PSC के जरिए चयनित 56 नए सिविल जजों (जूनियर डिवीजन) की पहली पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही हायर ज्यूडिशियल सर्विस और लोअर ज्यूडिशियल सर्विस के 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पोस्टिंग की गई है। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, प्रोबेशन पर नियुक्त सभी 56 नए सिविल जजों को 29 अगस्त तक अपनी नई पदस्थापना वाली जगह पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
हायर ज्यूडिशियल सर्विस में भी फेरबदल
हायर ज्यूडिशियल सर्विस के पांच अधिकारियों का तबादला किया गया है। दंतेवाड़ा परिवार न्यायालय के जज हरीश कुमार अवस्थी को प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रायपुर नियुक्त किया गया है। वहीं ममता पटेल को अंबिकापुर से द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बिलासपुर और ज्योति अग्रवाल को पेंड्रारोड से न्यायाधीश, राजनांदगांव पदस्थ किया गया है। इसके अलावा नमिता मिंज भास्कर का धमतरी और न सिंह साहू का राजनांदगांव से अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (FTC), दंतेवाड़ा के पद पर तबादला किया गया है।
रायपुर और अंबिकापुर में भी नई जिम्मेदारी
रायपुर के प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज शर्मा को SC-ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत रायपुर की विशेष अदालत का विशेष न्यायाधीश बनाया गया है। अंबिकापुर में कमलेश जगदल्ला को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जबकि स्मिता रत्नावत को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (POCSO) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सिविल जज सीनियर डिवीजन के स्तर पर भी कई बदलाव हुए हैं। सतीश कुमार खाखा को प्रतापपुर से मुंगेली का मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) एवं प्रथम सिविल जज सीनियर डिवीजन बनाया गया है। वहीं भगवान दास पनिका को प्रतापपुर, श्वेता पटेल को छुईखदान, ईशान व्यास को दुर्ग और नीलेश जगदल्ला को राजनांदगांव पदस्थ किया गया है।
सात सिविल जज जूनियर डिवीजन का भी तबादला
दुर्ग के द्वितीय अतिरिक्त जज रवि कुमार कश्यप को प्रतिनियुक्ति पर हाईकोर्ट में OSD नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही सिविल जज जूनियर डिवीजन संवर्ग के सात न्यायिक अधिकारियों के तबादले भी किए गए हैं। हाईकोर्ट के इन आदेशों के बाद प्रदेश के विभिन्न न्यायालयों में न्यायिक अधिकारियों की नई पदस्थापना प्रभावी होगी।