ASSAM NEWS. असम के काजीरंगा से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। गोलाघाट जिले में यात्रियों से भरी एक ट्रैवलर गाड़ी और कंटेनर ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रैवलर में सवार ज्यादातर यात्री छात्र थे।
काजीरंगा में कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा?
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा गोलाघाट जिले में काजीरंगा नेशनल पार्क के पास रोंगाजान इलाके में हुआ। नेशनल हाईवे-715 पर हाथीकुली चाय बागान के नजदीक यात्रियों से भरी ट्रैवलर और सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रैवलर बोकाखाट से नगांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कई यात्री अंदर ही फंस गए और उन्हें बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
हादसे में 23 लोगों की मौत, कई की हालत गंभीर
इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक 23 लोगों की जान जा चुकी है। शुरुआत में पुलिस को सात लोगों की मौत की जानकारी मिली थी। इसके बाद पांच और लोगों ने दम तोड़ दिया। बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 23 हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। सभी ने मिलकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया। क्षतिग्रस्त ट्रैवलर से यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर किया गया है।
ट्रैवलर में सवार ज्यादातर यात्री थे छात्र
शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुई ट्रैवलर में ज्यादातर छात्र सवार थे। हालांकि, दुर्घटना के समय गाड़ी में कुल कितने लोग मौजूद थे, इसे लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है। गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं। क्षतिग्रस्त गाड़ी से शवों को बाहर निकाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी में सात लोगों की मौत हुई थी, लेकिन बाद में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 23 हो गया।
हादसे वाली ट्रैवलर के नाम 12 चालान का रिकॉर्ड
इस हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रैवलर गाड़ी के ट्रैफिक चालान का रिकॉर्ड भी सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस गाड़ी के खिलाफ पहले 12 चालान जारी किए जा चुके थे। इन चालानों पर कुल 38,500 रुपये का जुर्माना जमा किया गया था, जबकि 4,000 रुपये का एक चालान अब भी बकाया बताया जा रहा है।जानकारी के मुताबिक, असम में कमर्शियल वाहनों के ओवरस्पीडिंग करने पर 4,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाता है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, हादसे के वक्त मिनी बस काफी तेज रफ्तार में थी। काजीरंगा नेशनल पार्क के आसपास वाहनों की गति को लेकर नियम भी लागू हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार के कारण ट्रैवलर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई। हालांकि, हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
घटनास्थल पर पहुंचे मंत्री अतुल बोरा
हादसे की गंभीरता को देखते हुए असम सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अतुल बोरा भी घटनास्थल पर पहुंचे। वह गोलाघाट की स्थानीय विधानसभा सीट से विधायक भी हैं। मंत्री ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।