BULANDSHAHR NEWS. उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से प्रेम प्रसंग का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। यहां तीन बच्चों की मां को अपने से 13 साल छोटे अविवाहित युवक से प्यार हो गया। दोनों के बीच नजदीकियां इतनी बढ़ीं कि महिला अपना घर छोड़कर प्रेमी के पास चली गई। मामला पुलिस थाने पहुंचा तो वहां जो कुछ हुआ, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पत्नी के प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताने पर पति ने भी अपनी सहमति दे दी।
38 साल की महिला को 25 साल के युवक से हुआ प्यार
यह पूरा मामला बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, गांव में रहने वाली 38 वर्षीय महिला शादीशुदा है और तीन बच्चों की मां है। उसका पति और परिवार के साथ रहना था। इसी गांव में करीब 25 साल का एक अविवाहित युवक भी रहता है, जो मजदूरी करके अपना गुजर-बसर करता है। बताया जा रहा है कि इसी युवक और महिला के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। महिला के पति को जब इस रिश्ते की जानकारी हुई तो उसने युवक के खिलाफ पुलिस से शिकायत कर दी। पति का आरोप था कि गांव का युवक उसकी पत्नी को परेशान करता है।
पत्नी घर से गायब हुई तो पति पहुंचा थाने
इसी बीच महिला अचानक घर से चली गई। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो पति ने पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की और आखिरकार उसे बरामद कर थाने ले आई। पुलिस ने जब महिला से पूछताछ की तो मामले की पूरी कहानी सामने आ गई। महिला ने बताया कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई थी और उसका गांव के युवक के साथ प्रेम संबंध है।
थाने में महिला ने कहा- प्रेमी के साथ ही रहना है
महिला को थाने बुलाने के बाद पुलिस ने उसके पति और प्रेमी को भी वहां बुलाया। पुलिस ने महिला से पूछा कि वह आगे किसके साथ रहना चाहती है। इस पर महिला ने साफ शब्दों में कहा कि वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है। महिला का फैसला सुनकर उसके पति ने भी अपनी बात रखी। पति ने कहा कि अगर उसकी पत्नी प्रेमी के साथ रहना चाहती है तो उसे कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि, उसने एक शर्त रखी कि तीनों बच्चे उसके पास ही रहेंगे।
बच्चों को पति के पास छोड़ प्रेमी के साथ गई महिला
पति की सहमति और अपनी इच्छा जाहिर करने के बाद महिला ने अपने तीनों बच्चों को पति के पास छोड़ दिया और प्रेमी के साथ चली गई। इस तरह थाने में हुई बातचीत के बाद मामले का नाटकीय ढंग से अंत हुआ। अब महिला और उसके पति के इस फैसले की गांव और आसपास के क्षेत्रों में खूब चर्चा हो रही है।
पुलिस अधिकारी ने क्या बताया?
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अंतरिक्ष जैन ने बताया कि पुलिस के पास शुरुआत में महिला की गुमशुदगी का मामला आया था। तलाश के बाद महिला को थाने लाया गया, जहां उसने स्पष्ट किया कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई थी और संबंधित युवक के साथ रहना चाहती है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, महिला और युवक दोनों बालिग हैं। महिला ने अपनी इच्छा जाहिर की, जिसके बाद मामले में दोनों के फैसले के अनुसार आगे की कार्रवाई की गई।