Mahadev App पर CBI का सबसे बड़ा एक्शन! 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी, सट्टेबाजी के कई पैनल बंद
MAHADEV BETTING APP. महादेव ऑनलाइन बुक ऐप मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के नेटवर्क पर शिकंजा कस दिया है। जांच एजेंसी ने देश के 6 राज्यों में एक साथ 33 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई जगहों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी के सक्रिय पैनल का पता चला, जिन्हें बंद करा दिया गया। छापेमारी में मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और अहम दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। शुरुआती जांच में म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के जरिए पैसों के लेन-देन से जुड़े सबूत मिलने की बात सामने आई है।
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद हुई कार्रवाई
सीबीआई की यह कार्रवाई महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के प्रमुख प्रवर्तकों में शामिल आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद मिली जानकारियों के आधार पर की गई। एजेंसी के मुताबिक, ओमान से प्रत्यर्पण के बाद 1 नवंबर 2026 को सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने उसे 8 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा था।
पूछताछ के दौरान जांच एजेंसी को ऐप के संचालन, देशभर में फैले सट्टेबाजी पैनल और उनसे जुड़े लोगों के बारे में कई अहम जानकारियां मिलीं। इसी आधार पर छह राज्यों में 33 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया।
छापेमारी में मिले म्यूल अकाउंट और हवाला नेटवर्क के सुराग
जांच के दौरान सीबीआई को ऐसे बैंक खातों के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं, जो दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए थे या किराये पर लिए गए थे। इन्हें म्यूल अकाउंट कहा जाता है। एजेंसी ने मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, महादेव ऐप का मुख्य संचालन विदेश स्थित कार्यालय से किया जाता था, जबकि भारत में पैनल संचालकों का बड़ा नेटवर्क सक्रिय था। ये संचालक ग्राहकों की आईडी बनाते और सट्टेबाजी से जुड़े लेन-देन को संभालते थे।
आरोप है कि सट्टेबाजी से मिलने वाली रकम अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। इसके बाद हवाला नेटवर्क के माध्यम से मुनाफे की रकम विदेश भेजी जाती थी। सीबीआई अब इन वित्तीय लेन-देन की कड़ियों की जांच कर रही है।
19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में सौरभ चंद्राकर
पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद सौरभ चंद्राकर को 12 नवंबर को रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 19 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
फिलहाल सीबीआई इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, विदेश में बैठे लोगों, सहयोगियों और संबंधित लोक सेवकों की भूमिका की जांच कर रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जारी है।
CBI की आम लोगों को चेतावनी, बैंक खाता किराये पर देना पड़ सकता है भारी
सीबीआई ने आम लोगों से ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए से दूर रहने की अपील की है। जांच एजेंसी ने चेताया है कि किसी दूसरे व्यक्ति को अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान से जुड़े दस्तावेज इस्तेमाल करने के लिए देना या किराये पर उपलब्ध कराना कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है।
एजेंसी के मुताबिक, थोड़े से लालच में बैंक खाते या निजी दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति को देना भारी पड़ सकता है। फिलहाल महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और आने वाले दिनों में मामले में अन्य आरोपियों और वित्तीय लेन-देन को लेकर नए खुलासे हो सकते हैं।