RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से ट्रांसपोर्ट कारोबारी के कथित अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खमतराई थाना क्षेत्र में डीएम टावर के पास से कारोबारी प्रतीक राय को काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार कुछ लोगों द्वारा जबरन ले जाने का आरोप है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद से प्रतीक राय का मोबाइल फोन बंद है। परिजनों को जब इस घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। कारोबारी की पत्नी अनिता राय ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
बातचीत के बहाने नीचे बुलाया, फिर स्कॉर्पियो में बैठाया
मिली जानकारी के अनुसार, प्रतीक राय घर से खाना खाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें बातचीत करने के बहाने नीचे बुलाया। आरोप है कि नीचे पहुंचते ही काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार 3-4 लोगों ने उन्हें जबरन वाहन में बैठा लिया और वहां से फरार हो गए। घटना के बाद से कारोबारी का मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है। इससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और कारोबारी की तलाश में जुटी है।
स्कॉर्पियो के नंबर के आधार पर तलाश
पत्नी की शिकायत के आधार पर खमतराई पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के सामने फिलहाल स्कॉर्पियो की पहचान और उसमें सवार लोगों तक पहुंचना अहम माना जा रहा है। वाहन के नंबर के आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घटना के बाद शहर में नाकेबंदी भी की गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित रास्तों और ठिकानों पर तलाश कर रही हैं।
क्राइम ब्रांच भी जांच में जुटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए खमतराई थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीमें भी जांच में जुटी हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए भी कारोबारी की लोकेशन और घटना से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।