पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये हुआ महंगा, इस पेट्रोलियम कंपनी ने बढ़ाए दाम; जानिए आखिर क्या है वजह
PETROL DIESEL PRICE HIKE: पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। भारत की प्रमुख निजी फ्यूल रिटेल कंपनियों में शामिल नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। कंपनी ने पेट्रोल की कीमत में ₹5 प्रति लीटर और डीजल की कीमत में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है।
बताया जा रहा है कि नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। यानी नायरा एनर्जी के पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाने वाले ग्राहकों को अब पेट्रोल के लिए 5 रुपये और डीजल के लिए 3 रुपये प्रति लीटर अधिक भुगतान करना होगा।
क्यों बढ़ाए गए पेट्रोल-डीजल के दाम?
पीटीआई ने मामले से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की लागत बढ़ने के कारण नायरा एनर्जी ने यह कदम उठाया है।कच्चे तेल की कीमतों में हालिया तेजी से दुनिया भर की ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के मार्जिन पर दबाव बढ़ा है। ऐसे में कंपनी ने घरेलू खुदरा कीमतों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईंधन की बढ़ती लागत के बीच अंतर को कम करने के लिए कीमतों में बदलाव किया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमत बढ़ी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हाल के दिनों में तेजी देखने को मिली है। शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड करीब 102.3 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।चीन की ओर से फ्यूल एक्सपोर्ट पर रोक और अमेरिका द्वारा खाड़ी क्षेत्र में अतिरिक्त सैनिक भेजे जाने की संभावना जैसी घटनाओं ने भी वैश्विक तेल बाजार में चिंता बढ़ाई है। इसका असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ा है। भारत अपनी ईंधन जरूरतों का एक बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के आयात से पूरा करता है। इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमत, रुपये की विनिमय दर, रिफाइनिंग लागत और परिवहन खर्च जैसे कई कारक घरेलू ईंधन कीमतों को प्रभावित करते हैं।
जुलाई में नायरा ने घटाए थे दाम
नायरा एनर्जी ने इससे पहले 1 जुलाई को पेट्रोल की कीमत में ₹5 और डीजल में ₹3 प्रति लीटर की कटौती की थी। अब कंपनी ने इन कीमतों में फिर से बढ़ोतरी कर दी है। नायरा एनर्जी देशभर में 7,000 से अधिक पेट्रोल पंप संचालित करती है। कंपनी की ओर से कीमतों में किया गया बदलाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह ऐसे समय हुआ है जब अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में कीमतों को लेकर दबाव बना हुआ है।
सरकारी तेल कंपनियों ने नहीं बदले दाम
वहीं, सरकारी तेल कंपनियों ने मई के बाद से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव नहीं किया है। देश के करीब 90 फीसदी पेट्रोल पंप इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) जैसी सरकारी कंपनियों के हैं। दिल्ली में इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की कीमत फिलहाल ₹102.12 प्रति लीटर और डीजल की कीमत ₹95.20 प्रति लीटर बताई गई है।
पेट्रोल-डीजल महंगा होने से क्या होगा असर?
नायरा एनर्जी के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल महंगा होने का सीधा असर वाहन चालकों पर पड़ेगा। खासकर डीजल की कीमत में बढ़ोतरी से ट्रांसपोर्ट और माल ढुलाई की लागत प्रभावित हो सकती है। हालांकि, व्यापक स्तर पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर असर इस बात पर निर्भर करेगा कि दूसरी तेल कंपनियां आने वाले दिनों में अपनी कीमतों में बदलाव करती हैं या नहीं।