JASHPUR NEWS. अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने के साथ धमकी देने के मामले में जशपुर पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 19 वर्षीय पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी शोवित उर्फ शोभित कुशवाहा को दिल्ली से पकड़कर जशपुर लाया गया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता की पहचान अप्रैल 2024 में उत्तर प्रदेश निवासी 24 वर्षीय आरोपी से 4Fun एप्लीकेशन के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सऐप पर बातचीत होने लगी।
वीडियो कॉल के दौरान बनाया स्क्रीन रिकॉर्डिंग
शिकायत के मुताबिक, बातचीत के दौरान आरोपी ने वीडियो कॉल के समय पीड़िता की निजी तस्वीरों और वीडियो की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली। आरोप है कि बाद में आरोपी ने इन तस्वीरों और वीडियो को व्हाट्सऐप ग्रुप में वायरल कर दिया। पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी उस पर बातचीत जारी रखने का दबाव बनाता था। बातचीत नहीं करने पर पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़िता की शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम आरोपी के उत्तर प्रदेश स्थित संभावित ठिकाने पर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र के साथ तकनीकी टीम को सक्रिय किया। जांच के दौरान आरोपी के दिल्ली में होने की जानकारी मिली।
दिल्ली पहुंची जशपुर पुलिस की टीम
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जशपुर पुलिस की विशेष टीम दिल्ली पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जशपुर लाई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड जब्त किए हैं। जांच के दौरान मोबाइल फोन में मौजूद व्हाट्सऐप और गैलरी से संबंधित जरूरी स्क्रीनशॉट भी लिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
जशपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या किसी अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर निजी फोटो या वीडियो के दुरुपयोग, ब्लैकमेलिंग अथवा धमकी की स्थिति में चुप न रहें। ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।