LUCKNOW NEWS. भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई और रणजी क्रिकेटर मोहम्मद कैफ की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लखनऊ की एक महिला की शिकायत पर आशियाना थाने में कैफ के खिलाफ रेप की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। महिला ने आरोप लगाया है कि कैफ ने उसे शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से पीछे हटने लगे।
इसी मामले में कैफ के बड़े भाई मोहम्मद हसीब के खिलाफ भी जान से मारने की धमकी देने और बदसलूकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी मुलाकात
शिकायत के मुताबिक, महिला वर्ष 2020 में गाजियाबाद में रहती थी। इसी दौरान एक कॉमन फ्रेंड के जरिए उसकी मुलाकात मोहम्मद कैफ से हुई। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती बढ़ी और मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया। महिला का आरोप है कि अगस्त 2023 में कैफ ने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा था। उसने कैफ को बताया था कि वह पहले से तलाकशुदा है और उसका एक बेटा भी है। शिकायत के अनुसार, कैफ ने इन बातों पर कोई आपत्ति नहीं जताई और शादी का भरोसा दिया।
कोलकाता के होटल में संबंध बनाने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया है कि 9 सितंबर 2023 को कैफ ने उसे कोलकाता के एक होटल में बुलाया। यहां शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। इसके बाद जब भी महिला ने शादी की बात की, तो आरोप है कि कैफ आईपीएल ऑक्शन के बाद निकाह करने का आश्वासन देकर उसे टालते रहे। शिकायत में महिला ने यह भी कहा है कि वह एयरलाइंस में केबिन क्रू के तौर पर काम करती थी। आरोप है कि कैफ को उसकी नौकरी पसंद नहीं थी और उन्होंने उस पर नौकरी छोड़ने का दबाव बनाया।
आईपीएल ऑक्शन के बाद दूरी बनाने का आरोप
महिला के मुताबिक, आईपीएल ऑक्शन खत्म होने के बाद कैफ ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। इसके बाद उसने कैफ के परिवार से संपर्क करने की कोशिश की। शिकायत के अनुसार, 19 मई को बातचीत के लिए महिला को अमरोहा बुलाया गया था। आरोप है कि वहां कैफ के बड़े भाई मोहम्मद हसीब ने उसके साथ बदसलूकी की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद महिला अमरोहा से वापस लखनऊ स्थित अपने घर लौट आई और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
पहले थाने और फिर DCP से की शिकायत
महिला का कहना है कि उसने सबसे पहले 31 अगस्त को आशियाना थाने में शिकायत दी थी। इसके बाद उसने डीसीपी से भी शिकायत की। आरोप है कि तत्काल कार्रवाई नहीं होने पर उसने मामले को सोशल मीडिया के जरिए सामने रखा। रविवार को शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आशियाना पुलिस ने मोहम्मद कैफ और मोहम्मद हसीब के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
पुलिस ने शुरू की कानूनी जांच
डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर के मुताबिक, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आशियाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पूरे मामले में कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।