KORBA NEWS. गणेश उत्सव और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस ने जिले के निगरानी बदमाशों, गुंडों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को साफ चेतावनी दी है कि त्योहार की आड़ में किसी भी तरह की गुंडागर्दी या अशांति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी अभियान के तहत कोतवाली थाना परिसर में 64 निगरानी बदमाशों और गुंडों को बुलाकर सख्त समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की गई तो तत्काल कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर पूरे जिले में चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ संभावित उपद्रवियों पर पहले से नजर रखना है।
एक दिन में 105 लोगों पर कार्रवाई
कोरबा पुलिस ने अभियान के तहत एक ही दिन में 105 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें:
- 50 गिरफ्तारी वारंट तामील कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
- 10 स्थायी वारंट तामील कर लंबे समय से फरार आरोपियों को पकड़ा गया।
- 43 लंबित अपराधों के आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
- 2 लोगों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
इन इलाकों के बदमाश पुलिस की रडार पर
कोतवाली, सिविल लाइन, मानिकपुर चौकी, सीएसईबी चौकी और बालको क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों, गुंडों और निगरानी बदमाशों पर पुलिस विशेष नजर रख रही है। जो लोग पुलिस की समझाइश के लिए थाने नहीं पहुंचे, उन्हें थाने आकर अपनी हाजिरी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने साफ कर दिया है कि गणेश उत्सव या किसी अन्य त्योहार की आड़ में विवाद, दादागिरी, गुंडागर्दी अथवा किसी आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने की कोशिश हुई तो आरोपियों के खिलाफ सीधे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।