CG WEATHER UPDATE रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। रविवार, 13 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई है। अगले दो दिनों तक भी प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
बीते 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं बस्तर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने उत्तर बस्तर, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान जताया है।
इन जिलों में कुछ जगहों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ गरज-चमक, बारिश और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से सटे दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है।
यह मौसम सिस्टम अगले 24 घंटे में उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसी सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है, जिसके चलते प्रदेश में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में रविवार को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बीते समय में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.9°C रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6°C पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।