सेना के काफिले पर बड़ा आतंकी हमला, 23 से ज्यादा जवानों की मौत की खबर; कई घायल
PAKISTAN NEWS. पाकिस्तान के बलूचिस्तान में रविवार को सेना के काफिले को निशाना बनाकर बड़ा आतंकी हमला किए जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि लासबेला के कशारी इलाके में NH-25 पर सेना के करीब 15 वाहनों के काफिले को निशाना बनाया गया। हमले में 23 से ज्यादा जवानों के मारे जाने की रिपोर्ट सामने आई है, जबकि कई सैनिकों के घायल होने की भी जानकारी है। हालांकि, पाकिस्तान आर्मी की ओर से फिलहाल हमले या मौतों के आंकड़े को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
काफिले को निशाना बनाकर किया गया विस्फोट
जानकारी के मुताबिक, सेना का काफिला NH-25 से गुजर रहा था। इसी दौरान काफिले को निशाना बनाकर विस्फोट किया गया। धमाके के बाद सुरक्षा वाहन में आग लग गई और कई जवान घायल हो गए।
घायल सैनिकों को इलाज के लिए बेला कैंप ले जाया गया है। हमले के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सुरक्षाबलों ने आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
कराची और क्वेटा को जोड़ता है NH-25
NH-25 बलूचिस्तान का बेहद महत्वपूर्ण हाईवे माना जाता है। यह सड़क कराची को क्वेटा से जोड़ती है और रणनीतिक रूप से अहम इलाकों से होकर गुजरती है। इस मार्ग का इस्तेमाल सेना के काफिलों के अलावा आम लोगों और व्यापारिक वाहनों द्वारा भी किया जाता है।
यह रास्ता तटीय इलाकों और पश्चिमी बलूचिस्तान को प्रमुख बंदरगाह क्षेत्रों से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में इस हाईवे पर सुरक्षा बलों की आवाजाही को देखते हुए यह क्षेत्र आतंकियों के निशाने पर रहने की बात कही जाती रही है।
BLA पर हमले का शक, सर्च ऑपरेशन जारी
हमले के पीछे बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) का हाथ होने का शक जताया जा रहा है। BLA बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर पहले भी कई हमले कर चुका है।
रविवार के हमले के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। एहतियात के तौर पर नेशनल हाईवे को बंद किए जाने की भी जानकारी है।
फिलहाल हमले में मारे गए और घायल जवानों की संख्या को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। पाकिस्तान सेना की ओर से आधिकारिक बयान आने के बाद ही नुकसान का सही आंकड़ा स्पष्ट हो सकेगा।