DURG NEWS. कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए सेलूद पहुंचा 17 वर्षीय खिलाड़ी शिवम यादव अब इस दुनिया में नहीं रहा। नहर किनारे हुआ एक हादसा उसके परिवार और साथी खिलाड़ियों के लिए जिंदगी भर का दर्द छोड़ गया। शनिवार से चल रहे सर्च ऑपरेशन के बाद रविवार सुबह शिवम का शव बरामद कर लिया गया।
मामला थाना उतई क्षेत्र के सेलूद भाटापारा स्थित नहर का है। मृतक शिवम यादव रायपुर के गुढ़ियारी का रहने वाला था और कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए अपने साथियों के साथ सेलूद आया था।
हाथ-पैर धोते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, 12 सितंबर को शिवम नहर किनारे हाथ-पैर धो रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नहर के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। हादसे की सूचना मिलते ही जिला सेनानी और जिला अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर एसडीआरएफ दुर्ग की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।
टीम ने नहर में संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। तेज बहाव और गहरे पानी के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
दो दिन चला सर्च ऑपरेशन, सुबह मिला शव
शनिवार को एसडीआरएफ की टीम ने दिनभर नहर के अलग-अलग हिस्सों में शिवम की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद रविवार सुबह करीब 5:30 बजे दोबारा सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
काफी तलाश के बाद टीम को नहर के एक हिस्से में शिवम का शव मिल गया। शव को बाहर निकालने के बाद पंचनामा और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उतई थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
साथी खिलाड़ियों और परिजनों में पसरा मातम
शिवम की मौत की खबर मिलते ही उसके साथ आए साथी खिलाड़ियों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। जिस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए वह सेलूद आया था, वहां भी हादसे के बाद गम का माहौल है।
उतई पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हादसे की जांच की जा रही है।