वॉशरूम की दीवार में किया छेद, फिर मोबाइल से बनाने लगा छात्राओं का ऐसा वीडियो! आरोपी गिरफ्तार
BHADOHI NEWS. उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के गोपीगंज में छात्राओं की निजता से जुड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक निजी लाइब्रेरी के वॉशरूम में छात्राओं के कथित अश्लील वीडियो रिकॉर्ड करने के आरोप में पुलिस ने मकान मालिक के बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद किया है। मामला गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र में लाला नगर के पास का है। यहां किराए के मकान में निजी लाइब्रेरी संचालित होती है, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं।
दीवार में छेद कर मोबाइल से रिकॉर्डिंग का आरोप
लाइब्रेरी संचालक भरथरी बिंद की शिकायत के मुताबिक, मकान मालिक के शौचालय से सटा एक कमरा है। आरोप है कि मकान मालिक का बेटा रवि शंकर गुप्ता इसी कमरे से लाइब्रेरी के वॉशरूम पर नजर रखता था।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने दीवार में छेद कर मोबाइल कैमरे के जरिए वॉशरूम का इस्तेमाल करने वाली छात्राओं के वीडियो रिकॉर्ड किए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की।
मोबाइल में मिले कथित आपत्तिजनक वीडियो
बताया जा रहा है कि मामले का खुलासा तब हुआ, जब लाइब्रेरी के कुछ छात्रों ने कथित तौर पर आरोपी के मोबाइल फोन में छात्राओं के वीडियो देखे। इसके बाद लाइब्रेरी संचालक ने पुलिस को सूचना दी और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की। इसके बाद कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया और मोबाइल फोन को जांच के लिए कब्जे में लिया गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
गोपीगंज थानाध्यक्ष सच्चिदानंद पांडेय के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसका मोबाइल फोन जब्त किया गया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।पुलिस अब जब्त मोबाइल की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित तौर पर रिकॉर्ड किए गए वीडियो कितने हैं और क्या उन्हें किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा या प्रसारित किया गया था। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।