6 लाख लिए, शादी की खरीदारी भी की… फिर मंडप से पहले दुल्हन ने जो किया, दूल्हा रह गया दंग
ANDHRA PRADESH NEWS. आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में शादी के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को प्यार और शादी का भरोसा दिलाकर महिला पर करीब 6 लाख रुपये लेने का आरोप लगा है। मामला तब और हैरान करने वाला हो गया, जब शादी के तय दिन महिला अचानक अपना फोन बंद कर गायब हो गई।
जानकारी के मुताबिक, वेमपल्ली मंडल के कथुलुरु गांव निवासी युवक की मुलाकात कडप्पा की रहने वाली एक महिला से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और महिला ने कथित तौर पर युवक को भरोसा दिलाया कि वह उससे प्यार करती है और शादी करना चाहती है।
अलग-अलग बहानों से लिए पैसे
आरोप है कि शादी का भरोसा देकर महिला ने युवक से अलग-अलग जरूरतों और बहानों के नाम पर धीरे-धीरे करीब 6 लाख रुपये ले लिए। युवक को महिला पर इतना भरोसा था कि उसने शादी की तैयारियां भी शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि महिला ने युवक के साथ शादी की खरीदारी भी की थी। इससे युवक और उसके परिवार को लगा कि शादी तय है और रिश्ता पूरी तरह पक्का हो चुका है।
शादी वाले दिन अचानक बंद हुआ फोन
शादी का दिन आया तो युवक और उसके परिजन तैयारियों में जुट गए। लेकिन जिस समय महिला के घर पहुंचने और शादी की रस्मों की तैयारी की जा रही थी, तभी उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। युवक और उसके परिवार ने महिला से संपर्क करने की काफी कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। काफी तलाश के बाद भी जब महिला का पता नहीं चला तो युवक को कथित ठगी का अहसास हुआ।
शिकायत के बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया
इसके बाद पीड़ित युवक ने पुलिस से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया।पुलिस फिलहाल महिला से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कथित तौर पर लिए गए 6 लाख रुपये कहां हैं और क्या इस पूरे मामले में महिला के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।