बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: पिकअप और बॉक्साइट ट्रक की टक्कर, 3 मजदूरों की मौत
BALRAMPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई। राजपुर-कुसमी मार्ग पर ग्राम सेवारी हाई स्कूल के पास पिकअप और बॉक्साइट ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार तीन मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसा रात करीब 2 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि पिकअप में मजदूर सवार होकर शंकरगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे बॉक्साइट ट्रक से पिकअप की भिड़ंत हो गई।
7 मजदूर गंभीर रूप से घायल
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सातों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले और घायल मजदूर सूरजपुर जिले के नरोला गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे
राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि घटना सेवारी हाई स्कूल के पास हुई है। मृतकों के शव अस्पताल में रखे गए हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया। हादसे के बाद राजपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टक्कर की वजह और दुर्घटना में किसी तरह की लापरवाही के पहलू की जांच कर रही है।
टक्कर से पिकअप के उड़े परखच्चे
हादसे की भयावहता का अंदाजा पिकअप की क्षतिग्रस्त हालत से लगाया जा सकता है। देर रात हुए इस हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। तीन मजदूरों की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।