RAIPUR NEWS : रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रश्नकाल के दौरान गुरुवार को राशन दुकानों में कथित अनियमितताओं का मामला जोर-शोर से उठा। भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने आरोप लगाया कि प्रदेश की कई राशन दुकानों में नियमों के विपरीत स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए मसालों की बिक्री कराई जा रही है।
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि यह कार्य कथित रूप से दबावपूर्वक और अधिकारियों के संरक्षण में किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में उनके पास प्रमाणिक दस्तावेज मौजूद हैं। उन्होंने विभागीय मंत्री से मामले की जांच कराने की मांग की।
जांच की मांग पर अड़े विधायक
मामले पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि यदि इस संबंध में शिकायत प्राप्त होती है तो उसका परीक्षण कराया जाएगा। हालांकि, विधायक सुशांत शुक्ला जांच की घोषणा की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के निर्देश पर मंत्री दयाल दास बघेल ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया।
मुफ्त राशन और गरीबी रेखा से बाहर हुए परिवारों पर भी सवाल
प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने केंद्र सरकार की मुफ्त राशन योजना को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि केंद्र सरकार देशभर में जिन 80 करोड़ परिवारों को मुफ्त राशन उपलब्ध करा रही है, उनमें छत्तीसगढ़ के कितने परिवार शामिल हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी मांगी कि देश में गरीबी रेखा से बाहर आए परिवारों में छत्तीसगढ़ के कितने परिवार शामिल हैं।
मंत्री ने सदन में जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही
खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि इन सवालों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि मांगी गई जानकारी जल्द प्रस्तुत की जाएगी।