सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। एक सप्ताह के भीतर चोरों ने दूसरी बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामले में अज्ञात चोरों ने एक किराना दुकान में सेंध लगाकर नकदी और सामान समेत करीब 1.25 लाख रुपये का माल पार कर दिया।
देर रात किराना दुकान को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, सीतापुर नगर के हाई स्कूल मैदान के पास स्थित रमेश गुप्ता की किराना दुकान में देर रात चोरों ने सेंधमारी की। चोर दुकान में घुसे और दराज में रखे 90 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इसके अलावा दुकान से बड़ी मात्रा में किराना सामान भी चोरी कर लिया। व्यापारी के अनुसार, कुल नुकसान करीब 1.25 लाख रुपये का हुआ है।
एक सप्ताह पहले ग्राहक सेवा केंद्र से उड़ाए थे ₹3 लाख
गौरतलब है कि इससे पहले करीब एक सप्ताह पूर्व भी सीतापुर नगर में चोरों ने एक ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) को निशाना बनाया था। उस दौरान देर रात दुकान का ताला तोड़कर करीब 3 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए गए थे। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और लोगों में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, चोरों की तलाश जारी
दोनों मामलों में सीतापुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
थाना प्रभारी बोले- जल्द होंगे आरोपी गिरफ्तार
सीतापुर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। थाना प्रभारी ने कहा कि गिरफ्तारी के बाद मामले की विस्तृत जानकारी मीडिया के साथ साझा की जाएगी।
व्यापारियों में बढ़ी चिंता
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से सीतापुर के व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।