Advertisement Carousel

“बहुत कर्जा है…” गन पॉइंट पर लूट करने पहुंचा प्राइवेट टीचर, CCTV में कैद वारदात

वाराणसी में लूट की कोशिश का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक जनसेवा केंद्र पर पिस्टल लेकर पहुंचा, लेकिन उसकी बातें सुनकर खुद लोग भी चौंक गए। आरोपी बार-बार कहता रहा- “कैश दो यार… बहुत कर्जा है… सिर्फ 10 हजार दे दो।”

घटना थाना बड़ागांव क्षेत्र के काजीसराय स्थित जनसेवा केंद्र की है। बताया गया कि 9 मई की रात करीब 8 बजे हेलमेट पहने एक युवक केंद्र पर पहुंचा। कुछ देर तक वह इधर-उधर घूमता रहा, फिर अचानक ग्रिल के पास पहुंचकर संचालक जावेद अली पर पिस्टल तान दी। आरोपी ने डराने के साथ अपनी मजबूरी भी बताई और पैसे मांगने लगा।

जनसेवा केंद्र संचालक जावेद अली ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे बातों में उलझाए रखा और फिर शोर मचा दिया। खुद को फंसता देख आरोपी भागने लगा, लेकिन जावेद ने हिम्मत दिखाते हुए उसका पीछा किया। बाहर मौजूद लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया। इसके बाद लोगों ने उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान गौतम पटेल के रूप में हुई, जो वाराणसी के भरतपुर इलाके का रहने वाला है और एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक बताया जा रहा है। जांच में सामने आया कि उसने काफी कर्ज ले रखा था और हर महीने करीब 25 हजार रुपये की किस्त भरनी पड़ती थी। आर्थिक दबाव के चलते ही वह लूट की कोशिश करने पहुंचा था।

पूरी वारदात जनसेवा केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।